जयपुर

पेट्रोल- डीजल के दामों में बढ़ोतरी पर क्या बोले पूर्व CM अशोक गहलोत

Petrol-Diesel Price Hike:पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राजस्थान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद आम जनता पर लगातार बोझ डाला जा रहा है।

2 min read
May 15, 2026
Ashok Gehlot File Photo

जयपुर। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राजस्थान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद आम जनता पर लगातार बोझ डाला जा रहा है। गहलोत ने सांगानेर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि बंगाल चुनाव से पहले ही राहुल गांधी ने कह दिया था कि चुनाव समाप्त होने के बाद ईंधन के दाम बढ़ाए जाएंगे और अब वही हो रहा है। कीमतें बढ़ चुकी हैं और प्रधानमंत्री द्वारा बचत के प्रतीकात्मक संदेश से भी लोगों को पहले ही अंदेशा हो गया था।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उस समय कच्चे तेल की कीमतें 115-120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, फिर भी पेट्रोल-डीजल के दाम इतने ऊंचे नहीं थे। गहलोत ने आरोप लगाया उस समय मोदी जी महंगाई को लेकर आवाज उठा रहे थे, वही खुद सत्ता में आए तो धीरे-धीरे 60 डॉलर प्रति बैरल तक कीमतें आ गई थी, लेकिन उसके बाद भी उन्होंने कीमतें कम नहीं की।

ये भी पढ़ें

Petrol-Diesel Price Hike: राजस्थान में अब बढ़ेगा बसों का किराया, यात्रियों की होगी जेब ढीली

केंद्र सरकार की टैक्स नीति पर भी उठाए सवाल

गहलोत ने केंद्र सरकार की टैक्स नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक्साइज ड्यूटी की संरचना में बदलाव कर राज्यों के हिस्से को कम कर दिया गया है। एडिशनल और स्पेशल एक्साइज ड्यूटी लगाकर राज्यों को मिलने वाला हिस्सा लगभग खत्म कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 60 डॉलर प्रति बैरल तक आने के बावजूद आम जनता को इसका लाभ नहीं दिया गया। सरकार चाहती तो इसका फायदा सीधे जनता को दे सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

गहलोत ने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियां गरीब और मध्यम वर्ग के खिलाफ हैं। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर आम आदमी पर पड़ता है, जबकि बड़े पूंजीपतियों पर इसका कोई खास असर नहीं होता। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में मिले आर्थिक लाभ को सरकार ने जनता तक नहीं पहुंचाया और केवल बयानबाजी करती रही। यह पूरी तरह जनता विरोधी सोच को दर्शाता है।

3 से 4 रुपए तक बढ़ी कीमतें

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल और मध्य पूर्व में जारी तनाव के चलते पेट्रोलियम कंपनियों ने शुक्रवार को तेल के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। राजस्थान में नई दरें लागू हो गई हैं। राजधानी जयपुर में पेट्रोल अब 107.97 रुपए प्रति लीटर के भाव पर पहुंच गया है, जिसमें प्रति लीटर 3 रुपए 25 पैसे की वृद्धि हुई है। वहीं, डीजल की कीमतों में भी 3 रुपए 02 पैसे का उछाल आया है, जिससे यह 93 रुपए के आंकड़े को पार कर गया है।

ये भी पढ़ें

जोधपुर में पेट्रोल पंप मालिकों की लूट पकड़ी गई, 3 पंपों पर बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों लीटर पेट्रोल चोरी
Also Read
View All