राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 75वां जन्मदिन रविवार 3 मई 2026 को पूरी दुनिया में अनूठे अंदाज में मनाया गया। चीन के शंघाई में प्रवासी राजस्थानी व्यापारियों ने ऐतिहासिक 'यूवी गार्डन' में केक काटकर गहलोत का जन्मदिन सेलिब्रेट किया।
राजस्थान की सियासत में 'मारवाड़ के गांधी' के नाम से मशहूर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज अपना 75वां जन्मदिवस मना रहे हैं। राजस्थान में तो गहलोत के जन्मदिन पर भारी उत्साह रहता ही है, लेकिन इस बार की तस्वीरें हैरान करने वाली हैं। पहली बार राजस्थान के किसी नेता का जन्मदिन ड्रैगन की धरती यानी चीन (China) में बड़े धूमधाम से मनाया गया है।
चीन के बिजनेस हब शंघाई में रह रहे राजस्थानी व्यापारियों ने अशोक गहलोत के प्रति अपनी दीवानगी का इजहार अनोखे अंदाज में किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य दिनेश खोड़निया के नेतृत्व में शंघाई के ऐतिहासिक यू गार्डन (Yu Garden) में केक कटिंग का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी व्यापारियों ने भाग लिया और "अशोक गहलोत जिंदाबाद" के नारों के साथ केक काटकर खुशी मनाई। शंघाई में हुए इस सेलिब्रेशन के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसे राजस्थान के राजनीतिक गलियारों में गहलोत के बढ़ते वैश्विक कद के रूप में देखा जा रहा है।
शंघाई का यू गार्डन (Yu Garden), जिसे "युयुआन" के नाम से भी जाना जाता है, चीन के सबसे प्रसिद्ध और खूबसूरत शास्त्रीय उद्यानों में से एक है। 400 साल से भी अधिक पुराना यह उद्यान मिंग राजवंश (Ming Dynasty) की वास्तुकला और जियांगनान (Jiangnan) शैली के लैंडस्केपिंग का एक उत्कृष्ट नमूना है। यह उद्यान लगभग 5 एकड़ (2 हेक्टेयर) में फैला हुआ है और इसमें 40 से अधिक दर्शनीय स्थल हैं।
जहाँ चीन में जश्न का माहौल रहा, वहीं राजस्थान में गहलोत के समर्थकों ने इसे 'सेवा दिवस' के रूप में मनाया। हालांकि अशोक गहलोत खुद वर्तमान में मुंबई दौरे पर हैं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में भी कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ।