पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ ही अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट को एआईसीसी ने अहम ज़िम्मेदारी दी है।
जयपुर।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट को एआईसीसी ने अहम् ज़िम्मेदारी दी है। दरअसल, इन दोनों नेताओं को कर्नाटक चुनाव के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।
शनिवार को कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक में होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। राजस्थान से कर्नाटक में स्टार कैंपेनर के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत के साथ ही पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट का नाम लिस्ट में शामिल किया गया है। ये दोनों ही अब कर्नाटक में दौरे कर कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में वोट की अपील करते नज़र आयेंगें।
कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में 22 वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं भाजपा ने भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची में 40 लोगों को शामिल किया है।
कांग्रेस में ये होंगे स्टार प्रचारक
कांग्रेस द्वारा जारी की गई स्टार प्रचारक की सूची में गुलाम नबी आजाद, चिरंजीवी, सुशील कुमार शिंदे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, अशोक चव्हान, नवजोत सिंह सिद्धू, प्रिया दत्त, मोहम्मद अजरुद्दीन, अशोक गहलोत, राज बब्बर, नगमा, रणदीप सुरजेवाला, शशि थरूर , रमेश चेन्निठाला, सुष्मिता देव, ओमान चांडी, अमित देशमुख, रेणुका चौधरी, खुशबू, अमरिंदर सिंह राजा बरार और धिराज देशमुख जैसे नाम शामिल हैं।
भाजपा के लिए ये होंगे स्टार प्रचारक
कांग्रेस को हराकर कर्नाटक में सत्ता पर काबिज होने की कोशिश में लगी बीजेपी की स्टार प्रचारकों की सूची में 40 लोग हैं जिसमें प्रमुख केंद्रीय मंत्रियों के साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल किया गया है। बीजेपी के स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, बी एस येदुयुरप्पा, राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी , अनंत कुमार, प्रकाश जावड़ेकर , रविशंकर प्रसाद, निर्मला सीतारमण, योगी आदित्यनाथ , सदानंद गौड़ा, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, देवेंद्र फडणवीस, स्मृति इरानी समेत कई अन्य नेता शामिल होंगे।
गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं जिसके नतीजे 15 मई को घोषित किए जाएंगे।