जयपुर

Atar Singh Bhadana Murder Case : ‘पूर्व विधायक को नहीं लगी थी गोली’, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर हरियाणा गए

Atar Singh Bhadana Murder Case : भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र में हुए हमले में 73 वर्षीय पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत होने के बाद एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद परिजन शव को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित पाली गांव ले गए।
2 min read
atar singh bhadana post mortem update former mla was not hit by a bullet
Atar Singh Bhadana Murder Case : पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना व अन्य। फोटो पत्रिका

Atar Singh Bhadana Murder Case : जयपुर। भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र में हुए हमले में निधन होने के बाद 73 वर्षीय पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के शरीर पर बर्बर हमले के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि उनके सिर पर गहरा और लंबा घाव था। शरीर पर लाठी-सरियों से किए गए अनगिनत वार के निशान भी मिले हैं। एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद परिजन शव को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित पाली गांव ले गए। परिजनों ने पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।

एक्स-रे मशीन खराब होने से हुई देरी

एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई। अतर सिंह भड़ाना के हाथ में गोली लगने की आशंका के चलते एक्स-रे कराया गया, लेकिन जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। पोस्टमार्टम के दौरान सामने आए चोटों के निशानों से हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, चोटों की प्रकृति और अन्य चिकित्सकीय तथ्यों की विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। एसएमएस मोर्चरी में पूर्व विधायक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए सांसद राव राजेंद्र सिंह, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा तथा पूर्व विधायक जीतराम चौधरी और प्रहलाद गुंजल पहुंचे।

एफआइआर दर्ज, 30 लोग नामजद

भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना ने वैर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए 30 लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा 50 से 60 अन्य लोगों को भी आरोपी बताया गया है। शिकायत में खनन लीज और क्रेशर संचालन को लेकर चल रहे विवाद के बीच हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस को अब शिकायत में बताए गए घटनाक्रम की जांच कर हमले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाना होगा। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

भड़ाना के परिवार में एक पुत्र और चार बेटियां हैं

अतर सिंह भड़ाना के परिवार में एक पुत्र और चार बेटियां हैं। उन्होंने अपने सभी बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाई है। भड़ाना की सबसे छोटी पुत्री किरण भड़ाना भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2017 बैच की अधिकारी है। वहीं इकलौते बेटे अर्जुन सिंह भड़ाना देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में वकील के रूप में कार्यरत हैं। उनके निधन की खबर से न केवल राजनीतिक गलियारों और भरतपुर संभाग में शोक की लहर दौड़ गई है, बल्कि प्रशासनिक और कानूनी हलकों में भी उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

Updated on:
12 Oct 2026 06:33 pm
Published on:
12 Oct 2026 06:05 pm