बिंदायका स्टेशन के पास प्राचीन कुटिया वाले बालाजी मंदिर में दिनदहाड़े चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है।
जयपुर। बिंदायका स्टेशन के पास प्राचीन कुटिया वाले बालाजी मंदिर में दिनदहाड़े चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें बदमाश चोरी करने आया। मंदिर से सामान समेटा लेकिन आहट होने पर बालाजी को धोक लगाकर चला गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय दो बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और टिनशेड के नीचे रखी बेंच पर बैठ गए। एक बदमाश बाहर निगरानी करता रहा जबकि दूसरे ने मुंह पर कपड़ा बांधा और मंदिर में प्रवेश किया।
चोर ने सबसे पहले शिवलिंग के ऊपर रखे तांबे के कलश को उतारकर उसका पानी खाली किया और बैग में डाल लिया। इसके बाद वह बालाजी महाराज के सामने धोक लगाने लगा फिर मंदिर की परिक्रमा लगाई।
जब बदमाश परिक्रमा कर रहा था तभी अचानक मंदिर में एक श्रद्धालु पहुंच गया। आहट सुनकर बदमाश घबरा गया। उसने पकड़े जाने के डर से चुराया हुआ कलश मंदिर के पीछे ही छिपा दिया और बालाजी के सामने हाथ जोड़ते हुए चुपचाप वहां से चला गया।
मंदिर आए श्रद्धालु ने कलश गायब देखा तो पुजारी रामसहाय शर्मा को दी। पुजारी ने फुटेज खंगाले तो वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस अब हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।