जयपुर

सपोटरा में चिकित्सा सुविधाओं का आधारभूत ढांचा होगा मजबूत

Jul 30, 2026
Rajasthan

सपोटरा . उपखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश सरकार ने राजकीय उप जिला अस्पताल सपोटरा के भवन निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 16 करोड़ 90 लाख रुपए तथा विधानसभा क्षेत्र के 14 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण के लिए 7 करोड़ 28 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। कुल 24 करोड़ 18 लाख रुपए की स्वीकृति से क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी



मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज मीणा ने बताया कि तत्कालीन जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना के आदेशानुसार 6 अगस्त 2024 को राजकीय उप जिला अस्पताल सपोटरा के भवन निर्माण के लिए ग्राम गोपीपुरा में भूमि आवंटन के आदेश जारी किए गए थे। अस्पताल भवन निर्माण के लिए राज्य सरकार की ओर से 16 करोड़ 90 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी जारी की जा चुकी है। वहीं विधायक हंसराज मीणा की पहल पर क्षेत्र के 14 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण के लिए 7 करोड़ 28 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है। इससे सपोटरा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का आधारभूत ढांचा और अधिक मजबूत होगा। विधायक हंसराज मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर एवं चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सपोटरा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गैप एनालिसिस के आधार पर होंगे विकास कार्य

उप जिला अस्पताल के प्रथम चरण में गैप एनालिसिस के अनुसार आवश्यक निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे। भवन निर्माण एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार से अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उप जिला अस्पताल बनने से सपोटरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

14 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों से गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा

ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 14 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण को भी मंजूरी मिली है। प्रत्येक केन्द्र के निर्माण के लिए 52 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन उप-स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होंगे। स्वीकृत उप-स्वास्थ्य केन्द्रों में बगीदा, लूलौज, आड़ाडूंगर, खिजूरा, मरमदा, रायबेली जगमनकी, जहांगीरपुर, काशीपुरा, मकनपुर, चिरचिरी, नानपुर, राहिर, धोरेटा एवं रानीपुरा शामिल हैं।



फोटो कैप्शन. सपोटरा उप जिला अस्पताल के लिए आवंटित भूमि।

Updated on:
30 Jul 2026 06:01 am
Published on:
30 Jul 2026 06:01 am