Holi Celebration 2026: राजस्थान में होली का रंग इस बार कुछ खास होने वाला है। जयपुर में होटल खासा कोठी परिसर में 300 किलो गुलाल के साथ भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब 3000 विदेशी पर्यटक शामिल होंगे।
Best Holi Celebration In Rajasthan: पर्यटन विभाग की ओर से राजस्थान की होली की ग्लोबल ब्रांडिंग की जाएगी। इसी क्रम में मंगलवार को धुलंडी पर जयपुर की होटल खासा कोठी परिसर में विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष होली उत्सव आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में 300 किलो गुलाल का उपयोग होगा।
इस उत्सव में करीब 3 हजार विदेशी पर्यटक शामिल होंगे। वे “होलिया में उड़े रे गुलाल” जैसे राजस्थानी गीतों पर डीजे की धुनों पर थिरकेंगे। वहीं, राजस्थानी कलाकार भी पारंपरिक गानों की रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।
पर्यटन विभाग ने शहर के होटलों में ठहरे विदेशी पावणों को निमंत्रण पत्र भेजे हैं। साथ ही होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों से भी कहा गया है कि वे अपने होटलों में ठहरे विदेशी मेहमानों को इस उत्सव की जानकारी दें और उन्हें खासा कोठी लेकर आएं।
विभाग की ओर से तीन घंटे तक चलने वाले इस उत्सव में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन के दौरान स्थानीय लोगों का खासा कोठी परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, बाहर एक बड़े टीवी स्क्रीन पर इस उत्सव का प्रसारण किया जाएगा, ताकि शहरवासी भी इस रंगारंग कार्यक्रम का आनंद ले सकें।