जयपुर

रद्द होगी SI भर्ती परीक्षा! भजनलाल सरकार ने जांच के लिए बनाई 6 मंत्रियों की कमेटी, जोगाराम पटेल बने संयोजक

SI Paper Leak Case in Rajasthan: राजस्थान में SI भर्ती परीक्षा के परीक्षण के लिए भजनलाल सरकार ने 6 मंत्रियों की कमेटी बनाई है। इस कमेटी में मंत्री जोगाराम पटेल को संयोजक बनाया गया है।
2 min read
• •
Updated: 1 Oct 2024, 6:50 PM IST
Feature image

SI Recruitment Exam 2021: राजस्थान में SI भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर भजनलाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रिमंडल सचिवालय ने SI भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में कार्यवाही की अनुशंसा के लिए 6 मंत्रियों की कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी SI भर्ती-2021 के संबंध में सरकार को सभी पहलुओं की जांच कर रद्द करना है या नहीं, इसकी अनुशंसा करेगी।

इस कमेटी में मंत्री जोगाराम पटेल को संयोजक बनाया गया है, वहीं मंत्री सुमित गोदारा, जवाहर सिंह, बाबूलाल खराड़ी, गजेंद्र सिंह खींवसर और मंजू बाघमार को सदस्य बनाया गया है। इसके लिए मंत्रिमंडल सचिवालय ने आदेश जारी किए हैं।

किरोड़ी लाल मीणा उठा चुके हैं ये मांग

गौरतलब है कि भजनलाल सरकार से इस्तीफा दे चुके मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भी इस भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में उठाया था। इससे पहले किरोड़ी लाल मीणा SOG के वीके सिंह से भी मुलाकात करके परीक्षा को रद्द करने की मांग कर चुके हैं। वहीं पुलिस विभाग भी इस भर्ती परीक्षा को रद्द करने का प्रस्ताव राजस्थान सरकार को भेज चुका है।

भूपेंद्र सारण का भाई हुआ गिरफ्तार

इधर, एसओजी ने एसआई भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरगना भूपेंद्र सारण के भाई गोपाल सारण को पुणे से गिरफ्तार किया है। एसओजी ने उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन का रिमांड लिया है। उसकी पेपर लीक में भूमिका को लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि उससे पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर और भी गिरफ्तारियां संभव है।

एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने भूपेंद्र सारण की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि गोपाल सारण को पुणे से पकड़कर रविवार देर रात को जयपुर लाया गया। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। उसकी पेपर लीक में भूमिका को लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। उसकी पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती है।

Updated on:
1 Oct 2024, 6:50 PM IST
Published on: