Bharat Bandh Today : राजस्थान केंद्रीय श्रमिक संगठन के बैनर तले श्रमिक सुबह 10.30 बजे रेलवे स्टेशन के तृतीय द्वार से रैली निकालेंगे। राजस्थान में इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, राज.सीटू, एक्टू से जुड़े श्रमिक हड़ताल में शामिल होंगे। प्रदेश की लगभग सभी औद्योगिक इकाइयों में हड़ताल रहेगी।
Bharat Bandh Today : केंद्र सरकार के श्रमिक विरोधी रवैये को लेकर केंद्रीय श्रमिक संगठनों के आह्वान पर गुरुवार को देशभर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिक हड़ताल पर रहेंगे। प्रदेश केंद्रीय श्रमिक संगठन के बैनर तले श्रमिक सुबह 10.30 बजे रेलवे स्टेशन के तृतीय द्वार से रैली निकालेंगे। रैली जल भवन, हसनपुरा होते हुए श्रम कार्यालय पर पहुंचेगी, यहां सभा का आयोजन होगा।
राजस्थान में इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, राज.सीटू, एक्टू से जुड़े श्रमिक हड़ताल में शामिल होंगे। संयोजक मुकेश माथुर ने बताया कि हड़ताल का आह्वान मुख्य रूप से केंद्र सरकार की ओर से नई श्रम संहिता थोपने, सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र, बीमा, बैंक, बंदरगाह आदि में निजीकरण को बढ़ावा देने, श्रमिक संगठनों को कमजोर करने के लिए नई श्रम नीति, बीज विधेयक 2025, बिजली (संशोधन) विधेयक 2025 आदि के विरोध में किया गया है।
जयपुर में बिंदायका, बगरू, सीतापुरा, विश्वकर्मा, दुर्गापुरा, मानसरोवर, मालवीय नगर आदि क्षेत्रों की औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की हड़ताल रहेगी।
वहीं हनुमानगढ़, सीकर, श्रीगंगानगर, नीम का थाना, उदयपुर, भीलवाड़ा, कोटा, बीकानेर, अजमेर, जोधपुर, खेतड़ी सहित विभिन्न जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल में सीमेंट फैक्ट्री, दवा प्रतिनिधि, बीमा, बैंक आदि क्षेत्र के कर्मचारी भी हिस्सा लेंगे।