जयपुर

Bharat Taxi: राजस्थान सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, इस महीने से जयपुर में चलेगी ‘भारत टैक्सी’, जानिए सब कुछ

Bharat Taxi In Jaipur: जयपुर में जल्द ही सहकारी मॉडल पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू होने जा रही है। सरकार का दावा है कि इससे यात्रियों को सस्ती और सुरक्षित सुविधा मिलेगी, वहीं टैक्सी चालकों को निजी कंपनियों की मनमानी से राहत मिलेगी।
2 min read
• •
Updated: 20 May 2026, 5:36 PM IST
Bharat Taxi in Jaipur
एआई तस्वीर

जयपुर। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने कहा कि सहकारी मॉडल पर आधारित भारत की पहली टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का शीघ्र ही जयपुर में शुभारंभ होगा। यह सेवा आमजन को किफायती और सुरक्षित परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराएगी। साथ ही ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना को साकार करते हुए सारथियों (चालकों) की आर्थिक उन्नति का आधार भी बनेगी। सहकारिता मंत्री बुधवार को भारत टैक्सी संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत सारथियों (चालकों) को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली, लखनऊ, मुंबई और चंडीगढ़ के बाद अब जयपुर सहित अन्य शहरों में भी जल्द भारत टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है। जयपुर में जून माह के प्रथम सप्ताह में इस सेवा की शुरुआत प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी एक ऐसी अनूठी सेवा है, जिसमें मालिक कोई बाहरी व्यक्ति या कंपनी नहीं होकर स्वयं टैक्सी चलाने वाले सारथी हैं। इसमें टैक्सी चलाने वाला सारथी ही कंपनी का वास्तविक मालिक होगा।

बिना सुनवाई के बंद नहीं होगा एकाउंट

दक ने कहा कि भारत टैक्सी में किसी भी सारथी का अकाउंट बिना सुनवाई के बंद नहीं किया जाएगा। भारत टैक्सी से सारथियों को हिडन चार्जेज से भी मुक्ति मिलेगी। सारथियों को विकल्प उपलब्ध होने से निजी कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगेगा। इस प्रकार सहकार टैक्सी सारथियों के जीवन, आत्मविश्वास और आर्थिक स्थिति में परिवर्तनकारी सिद्ध होगी।

सारथियों ने अपने अनुभव साझा किए

सहकारिता मंत्री ने सारथियों से आह्वान किया कि वे अन्य चालकों को भी इसके फायदों की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में उन्हें भारत टैक्सी के साथ जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं। इस अवसर पर सारथियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा करते हुए कहा कि वे भारत टैक्सी की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि निजी कंपनियों के साथ कार्य करने में उन्हें विभिन्न प्रकार के शोषण का सामना करना पड़ता है और उनकी आमदनी में भी अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है।

मनमाने सब्सक्रिप्शन चार्जेज से भी मुक्ति मिलेगी

सारथियों ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि भारत टैक्सी स्वदेशी सहकारी संस्थाओं की ओर से संचालित होगी, जिससे देश का पैसा देश में ही रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी की शुरुआत से उन्हें निजी कंपनियों के मनमाने सब्सक्रिप्शन चार्जेज से भी मुक्ति मिलेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे भारत टैक्सी के संचालन में राजस्थान को रोल मॉडल के रूप में स्थापित करने में पूरे मनोयोग से अपनी भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विशिष्ट सहायक डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मा.सं.वि.) भोमाराम, अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीत सिंह चूंडावत और भारत टैक्सी के सिटी हेड (जयपुर) अभिषेक चारण उपस्थित रहे।

Also Read
View All