जयपुर

भरतपुर जिला प्रमुख चुनाव : ‘कांग्रेस सदस्यों को 60-80 लाख का ऑफर,’ डोटासरा बोले- ‘कार्यकर्ता गोली खा लेगा, झुकेगा नहीं’

भरतपुर जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर राजस्थान में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर पार्टी के जिला परिषद सदस्यों को 60 से 80 लाख रुपए तक का प्रलोभन देने और पुलिस के जरिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 21 में से तीन सदस्य भाजपा के पाले में जा चुके हैं और बाकी 18 सदस्य एकजुट हैं।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 8:20 PM IST
Govind singh dotasara
Jaipur: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (फोटो-@GovindDotasra)

जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख बनाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर कांग्रेस के जिला परिषद सदस्यों को खरीदने और पुलिस-प्रशासन के जरिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सदस्यों को 60 से 80 लाख रुपए तक का ऑफर दिया जा रहा है। डोटासरा ने दो टूक कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता गोली खा लेगा, लेकिन झुकेगा नहीं।

डोटासरा ने सोमवार को जयपुर स्थित पीसीसी वॉर रूम में भरतपुर जिला परिषद के कांग्रेस सदस्यों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने दावा किया कि भरतपुर जिला परिषद में कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर 21 सदस्य जीते हैं। इनमें से तीन सदस्यों को भाजपा अपने पाले में कर चुकी है। अब बाकी 18 सदस्यों को प्रभावित करने के लिए धनबल और सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है। डोटासरा के अनुसार, सदस्यों को 60-80 लाख रुपए तक के ऑफर दिए गए हैं।

चौमूं के होटल में ठहरे सदस्यों पर दबाव का आरोप

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पार्टी के 18 जिला परिषद सदस्य पिछले चार-पांच दिनों से चौमूं के एक होटल में ठहरे हुए हैं। वहां पुलिस अधिकारी होटल प्रबंधन और सदस्यों पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने चौमूं सीआई और डीएसपी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि सदस्यों को भाजपा के पक्ष में आने के संदेश दिए जा रहे हैं और उन्हें उठाकर ले जाने की कोशिश की जा रही है।

डोटासरा ने डीग के तीन सदस्यों को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया। उनका दावा है कि एक बच्ची की हत्या के मामले में दर्ज एफआईआर और नामजद मौलवी से जुड़े प्रकरण में राहत दिलाने का भरोसा देकर सदस्यों पर दबाव बनाया गया।

भाजपा को पंचायत चुनाव के आंकड़ों से घेरा

डोटासरा ने पंचायत चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की 300 से अधिक पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला है, जबकि भाजपा करीब 60 पंचायत समितियों तक सीमित रही। उनके मुताबिक, 27 जिला परिषदों में कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त मिली है और भाजपा को केवल पांच-छह जगह सफलता मिली। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस का वोट शेयर भाजपा से करीब छह प्रतिशत अधिक रहा।

मुख्यमंत्री कार्यालय के भ्रष्टाचार पर भी उठाए सवाल

डोटासरा ने मुख्यमंत्री कार्यालय को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय की जानकारी में भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइलें निपटाई गईं और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने एसीबी की ओर से दर्ज एफआईआर का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से जवाब मांगा कि इस मामले में अब तक कोई स्पष्टीकरण क्यों नहीं आया।

अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी

डोटासरा ने चेतावनी दी कि राजनीतिक दबाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले अधिकारियों को कांग्रेस सत्ता में आने पर जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भरतपुर में जिला प्रमुख बनाने के लिए कांग्रेस अपने सदस्यों के साथ मजबूती से खड़ी है और धनबल या दबाव से उनका फैसला नहीं बदलेगा।