जयपुर

हेड कांस्टेबल के कपड़े उतरवाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो और फिर…

महिला ने एक हेड कांस्टेबल को चाय पीने के बहाने घर बुलाया और उसके पति ने चाकू से धमकाकर हेड कांस्टेबल के कपड़े उतरवाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
2 min read
• •
Updated: 2 Oct 2022, 2:51 PM IST
Bhilwara police Head constable becomes victim of honey trap

पुलिस का एक हेड कांस्टेबल हनी ट्रैप का शिकार हो गया। आरोपी महिला ने 27 सितम्बर को उसे चाय पीने के बहाने घर बुलाया और उसके पति ने चाकू से धमकाकर हेड कांस्टेबल के कपड़े उतरवाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। उसके जेब में रखे एक हजार रुपए भी ले लिए। वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उससे सात लाख रुपए मांगे। सौदेबाजी कर साढ़े तीन लाख रुपए देने को कहा। नहीं देने पर बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मामला भीलवाड़ा का है। पीडि़त हेड कांस्टेबल ने एसपी को रिपोर्ट देकर पीड़ा बताई। कोतवाली में दर्ज मामले की जांच अजा-जजा सेल करेगी।

कोतवाली प्रभारी मुकेश वर्मा के अनुसार हैड कांस्टेबल ने रिपोर्ट में कहा कि डेढ़ साल पूर्व प्रतापनगर थाने में तैनात था। तब एक व्यक्ति ने परिवाद दिया। इस परिवाद को लेकर महिला थाने आई। उसने मोबाइल नम्बर ले लिए। उसके बाद महिला ने हैड कांस्टेबल से कभी-कभी बात करनी शुरू की। इसके बाद महिला ने कई बार चाय पीने घर बुलाया, लेकिन हैड कांस्टेबल व्यस्तता के चलते नहीं गया।

27 सितम्बर को महिला ने अपने घर चाय पीने बुलाया। हैड कांस्टेबल वहां गया। घर के बाहर महिला का पति मिला। उसने अंदर जाने को कहा और कुछ देर में आने की बात कही। पहली मंजिल पर पहुंचने पर महिला ने हैड कांस्टेबल को बातों में उलझाया। बाद में आपत्तिजनक स्थिति में पुलिसकर्मी के साथ अश्लील हरकत करने लगी। मना करने के बावजूद महिला नहीं मानी। इस दौरान महिला का पति कुछ साथियों के साथ लौटा।

हैड कांस्टेबल का आरोप है कि महिला के पति ने चाकू से धमकाकर उसके कपड़े खुलवाए और मारपीट की। हैड कांस्टेबल का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। जेब में रखे एक हजार रुपए ले लिए। वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर सात लाख रुपए मांगे। सौदेबाजी कर साढ़े तीन लाख रुपए देने को कहा। नहीं देने पर बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। वहां से बचकर निकला हैड कांस्टेबल जिला पुलिस अधीक्षक से मिला और आपबीती बताई।

Published on: