जयपुर

खबरदार! अगर आप जयपुर की सडक पर हैं तो जरा संभल कर चलें, कहीं आपके ऊपर भी न गिर पडे यह तलवार

एलिवेटिड रोड पर बाइक सवार पिता—पुत्र हुए शिकार
2 min read
• •
Updated: 3 Mar 2018, 10:05 PM IST
jaipur

जितेन्द्र रांगेय / जयपुर। सोडाला थाना क्षेत्र में एलिवेटिड रोड पर गुरुवार शाम बाइक सवार पिता-पुत्र को मांझे ने अपना शिकार बना डाला। हालांकि मांझे की धार से पिता-पुत्र जख्मी हो गए, लेकिन समय रहते बाइक रोकने के चलते उनकी जान बच गई। घायल पिता-पुत्र को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। इस संबंध में किसी प्रकार का मामला थाने में दर्ज नहीं कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, गांव भभोरिया बड के बालाजी निवासी मुकेश शर्मा (28) मजदूरी का काम करता है। शाम करीब साढ़े 5 बजे वह बाइक पर अपने पांच वर्षीय बेटे शिवराज को लेकर कानोता जा रहा था। इसी दौरान सोडाला थाने के पास एलिवेटिड रोड पर बाइक से जाते समय अचानक मांझा आ गया। मांझे की धार से मुकेश का दाहिना हाथ व बाइक पर आगे बैठे शिवराज के होठ से लेकर कान कट गया। मांझा लगते ही मुकेश ने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी।

कार सवार ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद वहां से जा रहे कार सवार परिवार ने कार रोकी। लहुलुहान हालत में पिता-पुत्र को अपनी कार में बैठाकर एक जने उसे एसएमएस अस्पताल ले गया। जहां दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। मांझे से मुकेश के हाथ में करीब पांच टांके आए है, वहीं उसके बेटे शिवराज के होट से लेकर कान तक करीब 15 टांके आए है। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। एलिवेटिड रोड पर किसी घटना का होना पता चला था, वहां मिली बाइक को थाने लाकर खड़ा कर लिया गया था।

हर साल होते हैं हादसे
गौरतलब है कि मकर संक्रांति और उसके आस—पास जयपुर और पूरे प्रदेश में सैंकडो लोग मांझे से घायल होते हैं। इस वर्ष भी मांझे से दो की मौत हो गई और सैंकडो लोग घायल हो गए।

Published on: