जयपुर

Nitin Nabin Jaipur Visit : निकाय के बाद अब ‘मिशन पंचायत’, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के जयपुर दौरे की इनसाइड स्टोरी 

BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज जयपुर दौरे पर हैं। सीएम भजनलाल शर्मा के साथ हाई-लेवल मीटिंग, स्वच्छता अभियान और प्रचार रथ रवाना करने सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
3 min read
• •
Sep 25, 2026
bjp national president nitin naveen jaipur visit panchayat polls 2026
नितिन नबीन का स्वागत करते सीएम भजनलाल 

जयपुर में आज राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र पूरी तरह गर्माया हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज शुक्रवार 25 सितंबर को एक दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर जयपुर में हैं। उनका यह दौरा ऐसे समय में है, जब राज्य में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों के बाद अब आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और चुनाव संचालन समिति के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कर रहे हैं। इस दौरे के जरिए पार्टी का पूरा फोकस ग्रामीण निकाय चुनावों में अपनी पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने पर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी इस पूरे दौरे में उनके साथ मौजूद हैं।

निकाय के बाद अब 'मिशन पंचायत'

राजस्थान के शहरी निकायों में राजनीतिक जोर-आमाइश के परिणाम आने के ठीक बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत आगामी पंचायती राज चुनावों पर झोंक दी है। इसी रणनीतिक अभियान का आगाज करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जयपुर के एक दिवसीय दौरे पर हैं। इस हाई-प्रोफाइल दौरे के पीछे पार्टी का मुख्य मकसद न केवल हालिया निकाय चुनावों की सफलता का आंकलन करना है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरकर पंचायती राज के रण के लिए अचूक चुनावी चक्रव्यूह रचना भी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आवास पर हुई उच्च स्तरीय सांगठनिक बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि स्थानीय निकायों के बाद अब पंचायत और जिला परिषद चुनावों में भी सत्ता और संगठन का पूरा समन्वय देखने को मिलेगा। बगरू के दादिया गांव में आयोजित विशाल सम्मेलन के जरिए BJP ग्रामीण मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाने के लिए 90 प्रचार रथों को मैदान में उतार रही है, जो सरकार की योजनाओं का संदेश घर-घर तक पहुंचाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस एक दिवसीय दौरे ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी अब बिना कोई वक्त गंवाए सीधे ग्रामीण सरकार के गठन की तैयारी में जुट गई है।

स्वच्छता अभियान के साथ सुबह की शुरुआत

नितिन नवीन का आज का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल सुबह सवेरे ही शुरू हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह एमएनआईटी गेस्ट हाउस से सीधे जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पहुंचे। यहाँ उन्होंने 'सेवा कार्य' के तहत आयोजित स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।

स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में मौजूद नितिन नबीन और सीएम भजनलाल   

इसके बाद उनका सीधे मुख्यमंत्री आवास (CMR) पहुंचकर एक उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश के सांसद, विधायक, संभाग प्रभारी और पंचायती राज चुनाव संचालन समिति के प्रमुख सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, टिकट वितरण के पैमानों और सांगठनिक मजबूती पर विस्तार से चर्चा होगी।

दादिया गांव में जनसभा, 90 प्रचार रथों को हरी झंडी

दोपहर के सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम ग्रामीण इलाकों और जनसंपर्क पर केंद्रित रहेगा। दोपहर को वे एमएनआईटी (MNIT) गेस्ट हाउस से सड़क मार्ग द्वारा बगरू के दादिया गांव के लिए रवाना होंगे। दादिया पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य 'निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन' को संबोधित करेंगे। 

इस सम्मेलन के मंच से ही आगामी पंचायत चुनावों के प्रचार-प्रसार और पार्टी के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन प्रचार रथों के जरिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को ग्रामीण मतदाताओं तक पहुंचाया जाएगा।

'युवा संवाद' और दिल्ली रवानगी

दोपहर बाद का मुख्य आकर्षण युवाओं के साथ सीधा संवाद का रहेगा। दादिया से लौटने के बाद उनका काफिला जयपुर के प्रसिद्ध बिड़ला ऑडिटोरियम पहुंचेगा, जहां प्रदेशभर से आए कॉलेज के छात्र, युवा कार्यकर्ता और प्रबुद्ध नागरिक 'युवा संवाद' कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए एकत्र होंगे। 

इस विशेष सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष युवाओं से रूबरू होकर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी, नेतृत्व और राजनीतिक सहभागिता पर मार्गदर्शन करेंगे। युवा संवाद के इस कार्यक्रम के तुरंत बाद वे बिड़ला ऑडिटोरियम से सीधे सड़क या हवाई मार्ग द्वारा नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

चुनावी तैयारियों को मिला नया आयाम

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नितिन नवीन का यह एक दिवसीय जयपुर दौरा राजस्थान में पार्टी संगठन को और अधिक धार देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। एक तरफ जहाँ निकाय चुनावों के परिणाम आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पंचायती राज चुनावों से पहले शीर्ष नेतृत्व का यह दौरा पार्टी के भीतर अनुशासन, समन्वय और ऊर्जा का संचार करने का काम कर रहा है।

Updated on:
25 Sept 2026 10:00 am
Published on:
25 Sept 2026 08:49 am