
जयपुर।
भारतीय जनता पार्टी के मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल की ख़बर लगातार सुर्खियां पकड़े हुए है। जल्द ही पार्टी के मंत्रिमंडल में बहुत से बदलाव देखने को मिलेंगे। मंत्रिमंडल में फेरबदल की सूचना का पार्टी की लगातार होने वाली मीटिंगों से यह पता लगता है की इस बार पार्टी विधानसभा चुनावों को लेकर हर बार से ज्यादा तैयारीयां कर रही है, और अागामी चुनावों को लेकर किसी भी तरह की लापरवाहीं नहीं बरतना चाहती है।
भारती भवन पहुंची सीएम राजे
शुक्रवार शाम को अचानक सीएम के भारती भवन, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के मुख्य कार्यालय पहुंचने की खबर आयी। बताया जा रहा है कि सीएम ने आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा की। चर्चा में शामिल इन कार्यकर्ताओं में क्षेत्र प्रचारक दुर्गादास व सह क्षेत्र प्रचार निम्बाराम का नाम आ रहा है। पार्टी सूत्रों की माने तो बीजेपी पार्टी में फेरबदल की तारीख़ भी लगभग इस चर्चा के बाद तय हो चुकी है। बताया जा रहा है कि 18 मार्च तक यह फेरबदल हो सकता है।
मंत्रिमंडल फेरबदल के विषय में 1 घंटे से भी ऊपर की चर्चा
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी भी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय में मंत्रिमंडल की चर्चा में शामिल थे। सीएम और कृपलानी ने फेरबदल के विषय पर आरएसएस पदाधिकारियों के साथ करीब 1 घंटे से भी ऊपर चर्चा की।
सूत्रों के मुताबिक़ संभावना जताई जा रही है कि एक दो दिन में फेरबदल की घोषणा की जा सकती है। बताया जा रहा है कि राज्यपाल कल्याण सिंह अभी लखनऊ में है, उनके 18 मार्च तक राजभवन लौटने का कार्यक्रम है। कल्याण सिंह के राजभवन आने पर औपचारिक रूप से मंत्रिमंडल के फेरदबदल के विषय में बात की जाएगी। 18 मार्च शाम तक मंत्रिमंडल में फेरबदल की घोषणा की जा सकती है।
भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल के दिए निर्देश
इधर नगर पालिका और नगर परिषद की बैठक में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष परनामी ने चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वह जनता की समस्याओं को और जनता के कामों को जल्द से जल्द पूरा करें और भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाए। इस बैठक में राजेंद्र राठौड़, प्रभुलाल सैनी, किरण माहेश्वरी, राजकुमार रिणवा, यूनुस खान, अजय सिंह किलक,डॉ. रामप्रताप, वासुदेव देवनानी, सुरेंद्र गोयल, कालीचरण सराफ, श्रीचंद कृपलानी, राजपाल सिंह शेखावत, गजेंद्र सिंह खींवसर व अरुण चतुर्वेदी मौजूद रहे। इस बैठक के बाद परनामी ने मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बारे में मुख्यमंत्री को रिपोर्ट दी।