जयपुर

Rajasthan News : ‘…दोपहर 1 बजे उड़ा देंगे’! राजस्थान विधानसभा को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, जानें इस बार नया क्या?

राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जयपुर में हड़कंप मच गया है। विधानसभा सचिवालय को मिले एक धमकी भरे ईमेल में दोपहर 1 बजे धमाका करने का दावा किया गया।

2 min read
Apr 24, 2026
Rajasthan Vidhan Sabha Security
Rajasthan Vidhan Sabha Security

राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली राजस्थान विधानसभा को आज फिर बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। विधानसभा सचिवालय को मिले एक अज्ञात ईमेल ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। ईमेल में स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी गई थी कि दोपहर 1 बजे विधानसभा परिसर में बड़ा धमाका किया जाएगा। इस इनपुट के मिलते ही विधानसभा के चप्पे-चप्पे पर कमांडो और बम निरोधक दस्ता (BDDS) तैनात कर दिया गया है।

दोपहर 1 बजे का 'डेडलाइन'

धमकी मिलने के तुरंत बाद विधानसभा प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया।

  • विधानसभा के भीतर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को तुरंत बाहर निकाला गया।
  • जो कर्मचारी ड्यूटी के लिए पहुँच रहे थे, उन्हें मुख्य गेट के बाहर ही रोक दिया गया है।
  • डॉग स्क्वायड और आधुनिक उपकरणों के साथ बम निरोधक दस्ता विधानसभा के गार्डन, पार्किंग, गलियारों और कक्षों की तलाशी ले रहा है।

दोहराई गई पिछली घटना: सुरक्षा पर उठते सवाल?

Rajasthan Vidhan Sabha

हैरानी की बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब राजस्थान विधानसभा को निशाना बनाने की बात कही गई हो। कुछ ही दिन पहले भी विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ाई गई थी।

बार-बार मिल रही इन धमकियों ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह केवल किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरा राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी षड्यंत्र छिपा है?

पचपदरा रिफाइनरी कांड के बाद हाई अलर्ट पर राजस्थान

HPCL रिफाइनरी की सीडीयू यूनिट पर मंडराया आग का खतरा Image Source: पत्रिका फाइल फोटो

हाल ही में पचपदरा रिफाइनरी में हुई आगजनी और प्रधानमंत्री की सभा स्थल की जांच के बीच विधानसभा को मिली यह धमकी प्रदेश की 'डबल इंजन' सरकार के लिए बड़ी परीक्षा है। पुलिस कमिश्नरेट जयपुर के आला अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं और साइबर सेल उस ईमेल का आईपी एड्रेस (IP Address) ट्रेस करने में जुटी है जिससे यह धमकी भेजी गई है।

सचिवालय और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी

विधानसभा के आसपास के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। जयपुर पुलिस ने ज्योति नगर और आसपास के इलाकों में कड़ी नाकेबंदी कर दी है। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है। विधानसभा सचिवालय के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरा परिसर 'क्लीन' नहीं हो जाता, किसी को भी भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Published on:
24 Apr 2026 10:28 am