21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Weather Update: राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू, अगले 5-7 दिन अधिकांश हिस्सों में शुष्क रहेगा मौसम

Rajasthan Temperature: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में अगले 5 से 7 दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Sep 20, 2026

Rajasthan Weather

Rajasthan Weather Photo AI

Rajasthan Weather: जयपुर। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में अगले 5 से 7 दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भी अगले 5 से 6 दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

हालांकि कोटा और उदयपुर संभाग में 20 और 21 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इन दोनों संभागों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में विशेष बारिश की गतिविधियां होने की संभावना कम है।

इन इलाकों से गुजर रही मानसून की वापसी रेखा

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा वर्तमान में 27.0 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 68.0 डिग्री पूर्वी देशांतर से रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला होते हुए 29.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 71.5 डिग्री पूर्वी देशांतर तक बनी हुई है।

अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ पंजाब तथा सौराष्ट्र एवं कच्छ के कुछ भागों से भी दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

पश्चिमी राजस्थान में शुष्क मौसम के आसार

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

इसके अलावा दक्षिण हिमाचल प्रदेश से बना एक क्षेत्र हरियाणा, राजस्थान और गुजरात होते हुए पूर्व-मध्य एवं उससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर में बने चक्रवाती परिसंचरण तक 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर फैला हुआ है। मौसम तंत्र में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में राजस्थान में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने तथा धीरे-धीरे मानसून की विदाई का दौर आगे बढ़ने की संभावना है।