
CM Bhajan Lal Sharma
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को एक अलग ही तेवर में नजर आए। चूरू में लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ की मूर्ति अनावरण और वॉर मेमोरियल के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग की घटना का ज़िक्र किया और कांग्रेस पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने दो-टूक कहा कि जब रिफाइनरी उद्घाटन के कगार पर थी, तब इस हादसे पर कांग्रेस की राजनीति उनकी 'हताशा' को दर्शाती है।
पचपदरा रिफाइनरी में हुई हालिया घटना के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भड़कते हुए सीएम भजनलाल ने कहा, "हमारी रिफाइनरी का उद्घाटन होने वाला था, लेकिन आग की वजह से कार्यक्रम टल गया। कांग्रेस इस पर भी राजनीति कर रही है, जो बेहद शर्मनाक है।"
सीएम ने याद दिलाया कि कैसे पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने सालों तक इस प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल रखा था। उन्होंने कहा कि 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना की सुध लेकर इसे नई जान दी।
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के दौरान रिफाइनरी के नाम पर किस तरह के घोटाले हुए और किस तरह जमीनों के सौदे किए गए, इसकी सच्चाई जनता अच्छी तरह जानती है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस की आदत रही है कि जब भी देशहित या बड़े प्रोजेक्ट्स की बात आती है, वे विरोध का झंडा उठा लेते हैं।
हादसे से विचलित हुए बिना मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी टीम मुस्तैदी से जुटी है और कुछ ही दिनों में रिफाइनरी फिर से तैयार हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि यह न केवल राजस्थान की, बल्कि देश की सबसे बड़ी और आधुनिक रिफाइनरी होगी, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल देगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के चुनाव चिह्न 'पंजे' पर प्रहार करते हुए कहा कि देश की बर्बादी और परियोजनाओं की सुस्ती के लिए यही विचारधारा जिम्मेदार है।
Updated on:
22 Apr 2026 04:55 pm
Published on:
22 Apr 2026 04:51 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
