Bullet falls from the Sky: जयपुर। राजधानी में आसमान से गोली टपकने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शास्त्री नगर में मकर संक्रांति की संध्या पर आतिशबाजी के दौरान कथित तौर पर हर्ष फायर किया गया।
Bullet falls from the Sky: जयपुर। राजधानी में आसमान से गोली टपकने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शास्त्री नगर में मकर संक्रांति की संध्या पर आतिशबाजी के दौरान कथित तौर पर हर्ष फायर किया गया। बंदूक से निकली गोली राणा कॉलोनी निवासी अशोक योगी के मकान की छत पर गिरी।
घटना के समय छत पर परिवार के सदस्य मकर संक्रांति पर हो रही आतिशबाजी देख रहे थे। गोली अशोक योगी के हाथ से सटती हुई छत पर गिरी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। गोली छत पर गिरने से परिवार में हड़कंप मच गया। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि एफएसएल की टीम ने मौके पर जांच की है और मामले में अनुसंधान किया जा रहा है।
एफएसएल की जांच में सामने आया है कि गोली लाइसेंसी रिवॉल्वर की थी। आशंका जताई गई है कि घटना स्थल के करीब 100 मीटर के दायरे से हवा में फायर किया गया,जो ऊपर जाकर गिरा। पुलिस क्षेत्र में लाइसेंसी हथियार रखने वालों की जानकारी जुटा रही है।
झोटवाड़ा के राम नगर क्षेत्र में गत 25 नवंबर को आसमान से गोली टपकने की घटना सामने आई थी। गोली सत्यनारायण सैनी के घर के बाहर खड़ी उनकी कार के कांच को भेदते हुए अंदर जा घुसी। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था। गोली चलाने वाले का अब तक पता नहीं चल सका है।
मानसरोवर क्षेत्र में गत 26 अक्टूबर को बाइक सवार युवक की बांह पर गोली लगी थी। गोली लगने का अहसास उसे काफी देर बाद हुआ। हाथ में दर्द और खून निकलने पर युवक ने अपने साथी को जानकारी दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। गोली कहां से आई, इसका पता नहीं चल सका। फायर कहां से और किसने किया, पुलिस अब तक फायर करने वालों का पता नहीं लगा सकी है।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी :https://bit.ly/4bg81fl