जयपुर

Bypoll in Rajasthan: कई जगह ईवीएम खराबी के बीच चल रहा मतदान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भिड़े देवनानी

अजमेर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ें...

2 min read
Jan 29, 2018
Rajasthan Bypolls

जयपुर। प्रदेश में अजमेर व अलवर लोकसभा सीट और मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान आज सुबह से शुरू हो गया। तीनों सीटों पर उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए विधानसभा चुनाव से पहले अग्नि परीक्षा माना जा रहा है। सुबह मतदान शुरू होते ही तीनों सीटों के अधीन कई मतदान केन्द्रों पर ईवीएम खराब होने पर मशीनों को बदला गया। अजमेर में कई मतदान केन्द्रों पर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता उलझ गए। हालांकि उपचुनाव वाली तीनों सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने से मतदान शांतिपूर्ण चलता रहा। निर्वाचन विभाग की सूचना के अनुसार दोपहर तक तीनों ही सीटों पर 12 फीसदी मतदान होने की जानकारी है।


प्रदेश में बीते डेढ़ महीने अजमेर व अलवर लोकसभा सीट और मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव का फीवर चढ़ा हुआ था। अलवर में जहां भाजपा ने मंत्री डॉ. जसवंत सिंह पर दांव लगाया है। वहीं कांग्रेस ने यहां यादव प्रत्याशी के सामने पूर्व सांसद डॉ. कर्ण सिंह यादव को मैदान में उतारा है। वहीं अजमेर में भाजपा ने जाट कार्ड खेलते हुए पूर्व सांसद सांवर लाल जाट के बेटे रामस्वरूप लांबा को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा को मैदान में उतारा है। इन दोनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों में सीधी टक्कर है और यहां तीसरा ऐसा कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है जो दोनों ही प्रत्याशियों की चुनावी गणित पर प्रभाव डाल सके।


सरकार के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न
वहीं मांडलगढ त्रिकोणीय मुकाबले ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां भाजपा ने यहां शक्तिसिंह हाड़ा को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने विवेक धाकड़ को प्रत्याशी बनाया है, लेकिन यहां गोपाल मालवीय के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भिड़े देवनानी
अजमेर लोकसभा उप चुनाव के दौरान संत रामदास स्कूल के पास कांग्रेस कार्यकर्ता व भाजपा नेता शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी व उनके समर्थक भिड़ गए। विवाद मीडिया को बाइट देने के दौरान हुआ। पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया।


वीवीपैट बंद, डले मात्र 14 वोट
अलवर के सेंट एंसलम स्कूल में एक बूथ पर 8:15 बजे वीवीपैट मशीन बंद हो गई और मात्र 14 वोट डाल पाए। इसके बाद काफी देर तक मशीन बंद रही। इस दौरान कई मतदाता वापस लौट गए और कई कतार में वहीं लगे रहे। मतदान की वजह से अलवर की थोक फल सब्जी मंडी बंद रही।


अपनी-अपनी जीत के दाव़े
अजमेर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा ने अपने पैतृक गांव सावर में परिवार सहित मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कांग्रेस आठों विधानसभा क्षेत्र में बढ़त बनाएगी और भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी। वहीं अजमेर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लांबा ने गोपालपुरा में मतदान किया और भाजपा की जीत का दावा किया।

Published on:
29 Jan 2018 01:33 pm