
Rajasthan ACB : राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो। फाइल फोटो पत्रिका
Rajasthan ACB Arrest Bengaluru Police Personnel : राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने आज एक बड़ी कार्रवाई कर बेंगलुरु पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वतखोरी के आरोप में ट्रैप किया। इसमें बेंगलुरु पुलिस के एक महिला सब इंस्पेक्टर और दो हेड कांस्टेबल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बेंगलुरु पुलिस दहेज के एक केस में अनुसंधान के लिए जयपुर आए थे। इन पर आरोप है कि जांच के दौरान बेंगलुरु पुलिस कर्मियों ने पीड़ित पक्ष को डराया-धमकाया था। साथ ही राहत के नाम पर 2 लाख रुपए की मांग की थी। बताया जा रहा कि गिरफ्तारी के बाद महिला सब इंस्पेक्टर अनीथा की तबीयत बिगड़ गई थी।
एसीबी के निर्देश पर परिवादी रविवार सुबह 40 हजार रुपए लेकर गणगौर होटल पहुंचा। जैसे ही हेड कांस्टेबल उलवप्पा ने राशि प्राप्त की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद करीब घार घंटे तक होटल में जांच और पूछताछ की कार्रवाई चली। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर महिला उप निरीक्षक अनीथा के. और हेड कांस्टेबल यतीश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि परिवादी ने शनिवार रात जयपुर में शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसकी पुत्रवधू ने बेंगलूरू के एचएएल थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा रखा है। मामले की जांच के सिलसिले में बेंगलूरू पुलिस की टीम जयपुर आई हुई थी। टीम केस को कमजोर करने के बदले दो लाख रुपए मांग रही थी। शिकायत के बाद एसीबी टीम ने निगरानी शुरू की। रात करीब 11 बजे आरोपियों ने परिवादी को होटल बुलाया। परिवादी द्वारा पूरी राशि तत्काल उपलब्ध नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने रविवार सुबह तक जितनी व्यवस्था हो सके, उतनी राशि लाने को कहा।
एसीबी के एडिशनल एसपी भूपेंद्र चौधरी की अगुवाई में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस पूरे अभियान का पर्यवेक्षण डीआईजी ओम प्रकाश मीणा ने किया, जबकि कार्रवाई महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर अंजाम दी गई। बताया जा रहा है कि बाहरी राज्य से आए पुलिसकर्मियों का दूसरे राज्य में रिश्वतखोरी का प्रयास एक गंभीर मामला माना जा रहा है। एसीबी ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आगे की जांच शुरू कर दी है।
एसीबी टीम की ओर से ट्रैप होने के बाद महिला एसआई अनीथा की तबीयत अचानक खराब हो गई। एसीबी टीम ने तुरंत मेडिकल सहायता मुहैया कराई। बताया जा रहा है कि बीपी की बीमारी की वजह से महिला एसआई अनीथा की तबीयत बिगड़ी थी।
Updated on:
15 Jun 2026 12:30 pm
Published on:
14 Jun 2026 12:35 pm
