
Car Crushed School Teacher Died: जयपुर के आमेर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल की एक शिक्षिका की मौत हो गई और दूसरी शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई। ये हादसा ढण्ड गांव स्थित 200 फीट रोड पर उस समय हुआ जब दोनों शिक्षिकाएं स्कूल की छुट्टी के बाद पैदल बस स्टॉप की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मारकर कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान जयसिंहपुरा खोर निवासी 46 साल की ममता माहेश्वरी पत्नी योगेश माहेश्वरी के रूप में हुई है। वहीं घायल शिक्षिका अंजलि राजोरिया का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल अंजलि को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतका के शव का जयपुर के आमेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
स्कूल प्रशासन के अनुसार ममता माहेश्वरी पिछले करीब 10 सालों से स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। अपने शांत स्वभाव और समर्पित कार्यशैली के कारण वह स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों के बीच काफी लोकप्रिय थीं। उनकी अचानक हुई मौत से स्कूल परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं घायल शिक्षिका अंजलि राजोरिया ने महज दो दिन पहले ही स्कूल में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उनके हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की खबर से भी स्कूल स्टाफ और परिजन चिंतित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।