11 लाख 86 हजार 306 स्टूडेंटस हुए थे परीक्षा के लिए पंजीकृत, अजमेर रीजन में बारहवीं कक्षा में 1 लाख 43 हजार 228 परीक्षार्थी पंजीकृत
जयपुर। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) आज 12 वीं कक्षा के परिणामों की घोषणा करने जा रहा है। सीबीएसई ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार 12 वीं की परीक्षा में 11 लाख 86 हजार 306 स्टूडेंटस देशभर में शामिल हुए थे, इसमें 6 लाख 90 हजार 407 पुरुष परीक्षार्थी और 4 लाख 95 हजार 899 महिला परीक्षार्थी शामिल हैं। देशभर के 4138 केन्द्रों पर यह परीक्षा हुई थी। परिणाम आज शाम 4 बजे जारी होगा। अजमेर रीजन में बारहवीं कक्षा में 1 लाख 43 हजार 228 और 10 वीं कक्षा में 1 लाख 81 हजार 304 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार अजमेर, दिल्ली, इलाहबाद और चेन्नई रीजन का परिणाम तैयार हो गया है। देश के कुछेक रीजन के परिणाम और मूल्यांकन में थोड़ा विलम्ब हुआ है, जिसकी समीक्षा में समय लगा है। परिणाम को लेकर सीबीएसई ने सभी रीजन को विशेष दिशा निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थियों को सीबीएसई की वेबसाइट और अन्य वेबसाइट पर परिणाम देखने की व्यवस्था की गई है। सीबीएसई के सचिव अनिल स्वरूप ने टवीट किया कि सीबीएसई एकेडमिक सेशन 2017—18 की कक्षा 12 की परीक्षाओं का परिणाम 26 मई को घोषित किया जाएगा। हालांकि सीबीएसई ने अभी तक 10 वीं के परीक्षा परिणाम घोषित करने की तिथि का ऐलान नहीं किया है। अब 10 वीं के परिणाम का भी विद्यार्थियों को इंतजार है।
इस बार तनाव में रहे विद्यार्थी
इस बार 12 वीं और 10 वीं की परीक्षा विवादों में रही। 12 वीं अर्थशास्त्र और 10 वीं गणित का पेपर लीक होने की वजह से देशभर के विद्यार्थी परेशान रहे। इसकी वजह से अर्थशास्त्र का पेपर 25 अप्रेल को फिर से कराया गया था। ये परीक्षाएं 5 मार्च से परीक्षा शुरू हुई और 13 अप्रेल तक चली थी।
हेल्प लाइन से ले सकेंगे जानकारी
विद्यार्थी 12 वीं और 10 वीं के सभी नतीजे आने तक सीबीएसई की हेल्प लाइन से संबंधित जानकारी ले सकेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थी आगामी कक्षा में विषय चयन और करियर से जुड़ी अन्य जानकारी भी हेल्प लाइन पर विषय विशेषज्ञों से ले सकेंगे।