जयपुर। ग्रीष्मावकाश के बाद सरकारी स्कूल कब खुलेंगे इसे लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसका बड़ा कारण है सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से निकले आदेश। सरकार और शिक्षा विभाग में आपसी तालमेल नहीं होने से आए दिन ऐसी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। शिक्षा विभाग में आए दिन इस तरह के गलत आदेश निकलते रहते हैं, जिससे विभाग की किरकिरी भी होती है, लेकिन कोई ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शिक्षा विभाग में कभी मृत व्यक्ति का तबादला कर दिया जाता है तो कभी किसी राजनीतिक पद पर कार्यरत व्यक्ति की पदोन्नति कर दी जाती है। आए दिन इस तरह के आदेश निकलते हैं।
15 मई को शासन उप सचिव ने पंचायत सहायकों के संबंध में एक आदेश जारी किया है, जिसमें बताया है कि 19 जून तक सरकारी स्कूलों में अवकाश रहेगा, वहीं दूसरी ओर जून 2018 के शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग में 19 जून से स्कूलों में ग्रीष्मावकाश के बाद शिक्षण कार्य शुरू होना बताया गया है। दोनों आदेशों में एक दिन का अंतर है। सरकार के आदेशों में 19 जून का अवकाश है और शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग में 19 जून को पुन: स्कूल खुलने हैं। अब लोग आखिर सही मानें तो किस आदेश को मानें।