जयपुर

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा…नकल करवाने के लिए उधार लिए रुपए, नौकरी लगने पर लौटाने का वादा

ढाई लाख लिए, पांच लाख में हुआ था सौदा...
2 min read
• •
Updated: 19 Mar 2018, 10:02 AM IST
Students

जयपुर। एसओजी ने सरस्वती इंफोटेक में हैकिंग के जरिए पेपर हल करवाने वाले एक परीक्षार्थी को और गिरफ्तार किया है। एसओजी एडीजी उमेश मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार सुधीर यादव मांडल (अलवर) निवासी है। उसने मामा के दोस्त एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में कार्यरत रतन सिंह से नकल के लिए संपर्क किया। रतन ने आरोपित सज्जन सिंह से परीक्षार्थी सुधीर को मिलाया। पांच लाख रुपए में नकल करवाने का सौदा तय हुआ था। सुधीर ने मामा से रुपए उधार ले ढाई लाख रुपए रतन सिंह को दिए और मामा को पुलिस की नौकरी लगने के बाद लौटाने का आश्वासन दिया। वहीं, अब तक गिरफ्तार लोगों का आंकड़ा 29 पहुंच गया है।


एक ही परीक्षा में नकल, पहली बार 10 एफआइआर दर्ज
राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2017 में नकल के मामले इतने बढ़ते जा रहे हैं कि अब एसओजी खुद प्रकरण दर्ज करने की बजाए स्थानीय थानों में मामले दर्ज करवा रही है। संभवत पहली बार है कि किसी एक परीक्षा में फर्जीवाड़े में एक साथ 10 एफआइआर दर्ज हुई हैं। हैकिंग और अंगूठा का क्लोन बना नकल करने के संबंध में तीन मामले एसओजी थाने में दर्ज हो चुके हैं। इनमें अब तक 27 लोग गिरफ्तार हो चुके। जबकि इतने ही लोगों की तलाश है।


एसओजी नकल मामले में बढ़ते लोड को देखते हुए अब स्थानीय थानों में नकल प्रकरण सामने आने पर मुकदमे दर्ज कराने लगी है। इसके चलते आमेर थाने में तीन मामले दर्ज कराए गए हैं, जबकि शिवदासपुरा, मालवीय नगर और वैशाली नगर में एक-एक मामला दर्ज कराया गया है। वहीं अजमेर में भी एक मामला दर्ज हो चुका है।अब तक राजधानी जयपुर में कुल 9 प्रकरण नकल के संबंध में दर्ज हो चुके हैं। गिरोह के लोग व परीक्षार्थियों के पकड़े जाने पर नकल के और कई मामले सामने आ सकते हैं।


इनके खिलाफ दर्ज हुए मामले
आमेर थाना पुलिस ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में नकल करने के तीन मामले दर्ज किए और चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। छात्र चंद्रशेखर (24) उर्फ विनीत पुत्र खेमचंद जाट निवासी पास्ता, थाना-खो, भरतपुर को गिफ्तार किया। आरोपित ने दिल्ली रोड स्थित जेईसी में परीक्षा दी थी। दूसरे मामले में आर्या कॉलेज में ग्राम सेवक नरेश प्रजापत परीक्षार्थी राहुल की जगह परीक्षा देकर आया था। राहुल की तलाश है। शंकरा कॉलेज में शिशुपाल जीजा की जगह परीक्षा दे रहे जितेन्द्र के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

यूं दर्ज हो रहे प्रकरण
मालवीय नगर में 11 मार्च को सरस्वती इंफोटेक में हैकिंग कर नकल करने का मामला सामने आया, 12 मार्च को एसओजी थाने में पहला प्रकरण दर्ज, नकल करने वाले 13 लोग चिह्नित।

हरमाड़ा में 13 मार्च को डाल्फिन किड्स इंटरनेशनल स्कूल में हैकिंग कर भिवानी से नकल का मामला सामने आने पर एसओजी थाने में प्रकरण दर्ज, नकल करने वाले 6 लोग चिह्नित।

14 मार्च को अंगूठा का क्लोन बना नकल करने का प्रकरण सामने आने पर एसओजी थाने में प्रकरण दर्ज, आधा दर्जन से अधिक नकल करने वाले चिह्नित।

वैशाली नगर नगर थाने में परीक्षा केन्द्र श्रीवास फाउंडेशन पर परीक्षार्थी महेश कुमार की जगह जितेन्द्र कुमार के परीक्षा देने का मामला दर्ज हुआ है।

शिवदासपुरा थाने में वाईआईटी कॉलेज में परीक्षार्थी करतार सिंह की जगह नरेश परीक्षा देने का मामला दर्ज हुआ है।

परीक्षार्थी खुद ही नकल की सामग्री ले गया। जांच के बाद मालवीय नगर थाना पुलिस ने हरियाणा निवासी परीक्षार्थी अंकित यादव (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अंकित का राजस्थान इंफोटेक में परीक्षा केन्द्र था।

Updated on:
19 Mar 2018, 10:02 AM IST
Published on: