2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Public Ka Panna: सड़क पर गायों को चारा खिलाने से लेकर गंदगी तक, जयपुर के इन इलाकों में लोग परेशान

Public Ka Panna : 'पत्रिका' की नई पहल, 'पब्लिक का पन्ना' से जुड़ कर जयपुर की जनता ने अपनी परेशानियां हमसे साझा की हैं। जनता ने सिस्टम से कई बार गुहार लगाई, पर समाधान नहीं मिला। कुछ समस्याएं तो जानलेवा हो गईं है। जानिए अपने शहर की जनता का दर्द।
7 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 2 Nov 2026, 12:08 PM IST

jaipur public ka panna

Public Ka Panna : फोटो पत्रिका। सड़क, पानी, सफाई, ट्रैफिक, पार्किंग, अतिक्रमण, स्कूल, अस्पताल, बिजली, स्ट्रीट लाइट और सरकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याएं हमें भेजें। आपके मोहल्ले की अच्छी पहल, किसी व्यक्ति या संस्था की उपलब्धि, बच्चों-युवाओं की सफलता और कोई भी प्रेरक सकारात्मक खबर भी हमें भेजें। ऊपर दिया QR Code स्कैन करें।

जयपुर. शहर में रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कई छोटी-बड़ी समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। कहीं लोग सड़क पर गायों को चारा खिलाने से लगने वाले जाम और हादसों के डर से परेशान हैं, तो कहीं कबाड़ के गोदाम का शोर लोगों की नींद उड़ा रहा है। कई इलाकों में सड़कें टूटी पड़ी हैं, नालियां जाम हैं और सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। कहीं स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में अंधेरा रहता है, तो कहीं आवारा कुत्तों का डर बना हुआ है।

तय हो जगह: 'पुण्य' की चाह में हर जगह गायों को न खिलाएं चारा

प्रमोद प्रकाश माथुर, केसर चौराहे के पास @ मुहाना मंडी रोड
गौशाला के बजाय लोग सुबह-सुबह मुख्य सड़क पर ही गोवंश को चारा या खाद्य सामग्री खिलाते हैं। गायों के झुंड के कारण कई बार राहगीरों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को असुविधा होती है। ऐसे दृश्य कमोबेश शहर के हर इलाके में देखने को मिल जाएंगे।

वाहनों के गोवंश से टकराने की आशंका

शहर के कई चौराहों और प्रमुख सड़कों पर दोपहर तक गायों के जमावड़े से कई बार जाम के साथ ही वाहनों के गोवंश से टकराने की आशंका रहती है। सड़क किनारे कहीं भी चारा डालने की प्रवृत्ति के चलते कई लोग वहां के लोगों और यातायात पर पड़ने वाले असर को नजरअंदाज कर देते हैं। गोवंश को चारा खिलाने के लिए सुरक्षित और निर्धारित स्थान तय किए जाएं, जिससे यातायात बाधित न हो। निगम ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के साथ सड़क पर चारा डालने से होने वाली परेशानी के प्रति जागरूकता अभियान चला सकता है।

छुट्टी के दिन गोशाला में करें गो सेवा

धार्मिक आस्था के साथ ही सड़क पर यातायात का सुरक्षित संचालन का ध्यान रखना भी जरूरी है। ऐसे में सप्ताह में दिन तय कर नजदीकी गोशाला जाएं और गायों की सेवा करें। वहीं, निगम और ट्रैफिक पुलिस भी जागरूकता अभियान चलाए।
-एचके जोशी, व

सड़क पर गायों को चारा खिलाने से अक्सर हादसे होते हैं। पुनरावृत्ति न हो इसके लिए प्रशासन को रोडमैप बनाना चाहिए। समझाइश के लिए वॉलंटियर्स की मदद लेनी चाहिए।
-ठाकुर काकवानी, मुहाना मंडी रोड

गली में कबाड़ गोदाम से जाम के हालात, रात तक कटर मशीन के शोर से नींद में खलल

लल्लू लाल शर्मा, राम नगर विस्तार, स्वेज फार्म @सोडाला. गली में कबाड़ के गोदाम ने आस-पास के लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर रखी है। कबाड़ व्यवसायी और उसके आदमी सुबह आठ बजे से रोड पर ही लोहे और कबाड़ को कटर मशीनों से काटना शुरू कर देते हैं। दिनभर और देर शाम तक कटर मशीन की तेज आवाज से लोगों की नींद में खलल पड़ता है।

आधी सड़क पर कब्जा

गली की सड़क की चौड़ाई करीब चालीस फीट है, लेकिन आधी रोड पर कबाड़ व्यवसायी का सामान रखा रहता है और लोहे-कबाड़ को काटने का काम चलता है। दिन भर कबाड़ी लोग रोड पर तेज आवाज में गाली-गलौज के साथ ही अपशब्दों का भी इस्तेमाल करते हैं। इससे क्षेत्र का माहौल खराब होने के साथ ही नई पीढ़ी पर गलत असर पड़ रहा है।

कटर मशीन से निकलने वाली चिंगारी से आगजनी की आशंका है। सुबह से शाम तक ई-रिक्शों के जमावड़े से सड़क पर जाम के हालात रहते हैं।
-रवि सैनी, हरीश सैनी, रामनगर विस्तार, स्वेज फॉर्म

'कचरे के दर्शन' से होती है दिन की शुरुआत

घर के पास स्थित नाले में जमा कचरे से हमेशा गंदगी रहती है। वहीं, दिनभर भयंकर दुर्गंध आती है। इस कचरे के दर्शन से ही दिन की शुरुआत होती है। नाले की जल्द सफाई करा क्षेत्र को स्वच्छ रखा जाए।

पब्लिक स्पीक

भुगतान, फिर भी नहीं हुई सड़क की मरम्मत

सीवर लाइन के लिए तोड़ी गई सड़क गत 3 वर्षों से बदहाल है। सड़क के बड़े-बड़े गड्डों से आए दिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। ठेकेदार द्वारा भुगतान लेने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। -नाथूलाल बड़ाया, सूर्या सिटी, आगरा रोड (तिलक हॉस्पिटल के पास)

वाहन चालकों के लिए जानलेवा गड्ढे

एनआरआई चौराहे से वीआईटी रोड तक सड़क के गहरे गड्ढों में आए दिन वाहन फंस जाते हैं। वहीं, संतुलन बिगड़ने से दोपहिया वाहन चालक भी गिर जाते हैं। जर्जर हाल सड़क से स्थानीय लोगों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। -डॉली मित्तल, निवासी महिमा पैनोरमा, जगतपुरा

आए दिन हमला कर देते हैं आवारा श्वान

जूस सेंटर के आस-पास आवारा श्वानो का आतंक बढ़ने से सुबह के समय अकेले बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ये श्वान आए दिन बच्चों पर हमला कर देते हैं। इस कारण स्थानीय लोगों और बच्चों में भय का माहौल है।

हर दिन कचरे से ठसाठस भरा आता है हूपर

हूपरबबलू, पंचवटी कॉलोनी
देवेश्वर महादेव मंदिर के पास कचरा संग्रहण वाहन (हूपर) कूड़े से ऊपर तक भरा आता है। ऐसे में घरों से निकलने वाले कचरा को डालने के लिए उसमें पर्याप्त जगह नहीं रहती और कचरा सड़क पर गिर जाता है। कई बार लोगों को कचरा बाहर ही रखना पड़ता है। हूपर के फेरे बढ़ाए जाएं, ताकि घरों में कचरा रखने की नौबत ही न आए।

नालियां जाम, मकानों की नींव में जा रहा गंदा पानी

अमित जैन- किशनपोल बाजार
वार्ड 11 स्थित अजायबघर के रास्ते में दोनों ओर की नालियां जाम हैं। घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों में बहने के बावजूद निकास नहीं होने से रोड पर ही जमा हो रहा है। इससे आसपास के मकानों की नींव में पानी जाने की आशंका है। वहीं, गंदे पानी में मच्छर और कीड़े पनपने से डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

खंभा लगा, मगर रोशनी का इंतजार बाकी

सीमा प्रजापत, चरण नदी, भवानी शंकर कॉलोनी
क्षेत्र में रोशनी के लिए काफी समय पहले बिजली का खंभा तो लगा दिया गया, लेकिन उस पर अब तक स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है। खंभा लंबे समय से बिना उपयोग के खड़ा है और रात होते ही आसपास का इलाका अंधेरे में डूब जाता है। अंधेरे के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

धूल-मिट्टी से स्वास्थ्य पर बुरे असर की आशंका

सिद्धार्थ सिंह राठौड़, अमर नगर सी
खिरणी फाटक पुलिया से रेलवे लाइन के पास 200 फीट बाईपास पुलिया तक सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है। सड़क पर गड्ढों के कारण काफी धूल-मिट्टी भी उड़ती है। इस कारण आस-पास के घरों में धूल भर जाने से सांस संबंधी बीमारियों के बढ़ने व लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की आशंका है।

जनता की नजर में

20 साल पहले सीवर के पैसे जमा, फिर भी सुविधा से वंचित

क्षेत्र के लोगों ने करीब 20 साल पहले सीवर लाइन के लिए संबंधित विभाग में राशि जमा करवा दी थी। अब तक सीवरेज लाइन नहीं डाली गई है। इस कारण नालियों और सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। निगम की उदासीनता से गंदे पानी से गुजरना क्षेत्र के लोगों की मजबूरी बन गई है। आसपास गंदगी के चलते भयंकर दुर्गंध के साथ ही बीमारियों की भी आशंका है।
- बनवारी लाल गढ़वाल, वार्ड 50, शताब्दी नगर, इंडिया गेट, सीतापुरा

50 साल पुरानी कॉलोनी में अतिक्रमण, रास्ते बंद होने से दिनचर्या प्रभावित

करीब 50 साल पुरानी कॉलोनी में अतिक्रमण की समस्या है। इस कारण कई रास्ते सुचारू हालत में नहीं हैं। कई जगह सड़क भी बाधित है। जेडीए से कॉलोनी के नियमन से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी नहीं हो पाया है। रास्ते भी व्यवस्थित नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
-सत्य नारायण बंशीवाल, जादौन नगर ए, दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन

क्षतिग्रस्त सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, पास ही नाले के कारण दुर्घटना की आशंका

शनि मंदिर के पास क्षतिग्रस्त सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क के पास ही नाला होने से हादसों का खतरा और भी बढ़ गया है। इस रास्ते से कई स्कूलों के बच्चे भी ऑटो से जाते हैं। क्षतिग्रस्त सड़क पर अनियंत्रित होकर ऑटो के नाले में गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।
- दौलत राम लखवानी, संतोष सागर कॉलोनी, एनआइए हॉस्पिटल के सामने (हवामहल क्षेत्र)

पत्रिका मोहल्ला मीटिंग

नलों में बदबूदार पानी से लोग हो रहे बीमार, स्कूलों की छुट्टी के समय लगता है जाम

जयपुर @ पत्रिका. क्षेत्र की प्रमुख कॉलोनी होने के बावजूद धानका बस्ती की अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इनमें जगह-जगह गड्ढे हो रखे हैं और कई वर्षों से मरम्मत भी नहीं हुई है। क्षेत्र के लोगों ने मोहल्ला मीटिंग में क्षतिग्रस्त सड़क सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से रखा। लोगों ने बताया कि कई दिनों से नलों में बदबूदार पानी आ रहा है। इसे पीने से कई बच्चे-वृद्ध बीमार हो रहे हैं और उन्हें अस्पतालों के चक्कर भी काटने पड़ रहे हैं। कुछ लोग वाहनों को बीच रास्ते में खड़ा करके चले जाते हैं, जिसकी वजह से स्कूल की छुट्टी के समय जाम के हालात हो जाते हैं। यहां ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए।

बगीची में लाइट-पानी की हो व्यवस्था

घाटगेट मोक्षधाम में धानका समाज की बगीची में लाइट, पानी व साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं है, जबकि आस-पास के अन्य स्थानों पर ये सुविधाएं उपलब्ध हैं। अतः निगम इस ओर ध्यान दे। क्षेत्र में उचित साफ-सफाई व सड़क की मरम्मत के साथ ही जलदाय विभाग की ओर से बदबूदार पानी की समस्या से निजात दिलाई जाए।

रात भर सड़क पर खड़े रहते हैं लोडिंग वाहन, छात्रावासों में अजनबी लोगों की आवाजाही

सांगानेर के वार्ड 57. साफ-सफाई न होना, रात में लोडिंग वाहनों का सड़क पर खड़ा रहना और क्षेत्र के घरों में चल रहे छात्रावासों में वक्त-बेवक्त अजनबी लोगों की आवाजाही। ये इस कॉलोनी की प्रमुख समस्याएं हैं, जिनसे कि हर कॉलोनीवासी को परेशानी उठानी पड़ती है। पत्रिका की मोहल्ला मीटिंग में लोगों ने इन समस्याओं को लेकर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने बताया कि हूपर समय पर नहीं आता और न ही तय समय पर सफाई होती है। कई वर्षों से नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं, जिससे उनमें मक्खी-मच्छर पनप रहे हैं। वहीं, दुर्गंध युक्त माहौल से लोग परेशान हैं। निगम के सफाई कर्मचारी बाहर सफाई करके चले जाते हैं। वहीं, मार्ग में लोडिंग वाहन रातभर खड़े रहते हैं जिससे कॉलोनी वासियों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। साइड में करने या हटाने के लिए कहने पर कई बार लड़ने के लिए तैयार हो जाते हैं।

क्या आपके मोहल्ले में भी कोई मुद्दा है?

यदि हां तो वॉट्सएप नं. 9057531314 व मेल आइडी jaipur@in.patrika.com पर समस्या हमें भेजें। अगली मोहल्ला मीटिंग आपके यहां होगी। आपकी बात जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे।