
जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर जयपुर में सियासी पारा गरमा गया है। मामले पर CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने उपद्रव करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। रांका ने कहा कि जिन लोगों ने गुंडागर्दी की और हिंसा भड़काई है, पुलिस उन्हें तुरंत गिरफ्तार करे।
आशुतोष रांका ने कहा कि हमारे द्वारा दर्ज कराई गई FIR पर सख्त कार्रवाई की जाए। अगर प्रशासन को लगता है कि हमने भी कोई हुड़दंग या गुंडागर्दी की है, तो हमें भी गिरफ्तार करें। लेकिन इसके लिए पुलिस को सबूतों की जरूरत होगी। उन्होंने दावा किया कि घटना से जुड़े तमाम सबूत सबके सामने रखे हैं। इसलिए हिंसा और उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आशुतोष रांका कहा कि सरकार को दिखावे और हिंसा पर समय बर्बाद करने के बजाय राजस्थान की बदहाल शिक्षा व्यवस्था और जर्जर स्कूलों को सुधारने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जो घटनाक्रम हुआ, उसकी बिल्कुल भी जरूरत नहीं थी। इससे पूरे देश में राज्य की किरकिरी हुई है।
रांका ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी दो मुख्य मांगें थीं। पहली स्कूलों की व्यवस्था सुधारना और दूसरी हिंसा भड़काने वालों पर सख्त कार्रवाई व उनकी गिरफ्तारी। इनमें से एक मांग पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरी मांग अब सरकार के पाले में है। सरकार जितनी जल्दी कार्रवाई करेगी, यह मामला उतनी ही जल्दी खत्म होगा। उन्होंने आगे कहा कि अगर सरकार यह सोचती है कि CJP कार्यकर्ता दबाव में पीछे हट जाएंगे, तो यह उसकी भूल है। हमारा संघर्ष जंतर-मंतर से लेकर सड़कों तक सबने देखा है, हम पीछे हटने वालों में से नहीं हैं।