जयपुर

‘डोटासरा के मन की बात भी पूरी होगी’, टोंक में कांग्रेस पर बरसे CM भजनलाल, बोले- ‘पूर्व CM के पीएसओ तक पकड़े गए’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर पिछली कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।
2 min read
Aug 29, 2025
Photo- CM Bhajanlal X Handle

Rajasthan Politics: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को टोंक जिले के टोडारायसिंह में एक पेड़ मां के नाम एवं हरियालो राजस्थान अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री टोडारायसिंह में सीएम भजनलाल ने अभियान के तहत सिन्दूर का पौधा लगाया। इस दौरान एक घंटे में 100 हैक्टेयर में 60 हजार पौधे लगाकर कीर्तिमान रचा गया। उन्होंने सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर पिछली कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भर्ती में फर्जी लोगों को आश्रय दिया। गड़बड़ी करने वालों को हमारी सरकार ने आते ही जेलों में बंद कर दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा कह रहे हैं कि मगरमच्छ कब पकड़े जाएंगे? तो चिंता मत करो, हमने तो पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ तक पकड़े हैं। अभी चाल चल रही है आपके मन की बात भी जल्दी पूरी होगी। सीएम ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री के हैलीपेड पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।

कांग्रेस ने युवाओं को खून के आंसू रुलाए

सीएम भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को खून के आंसू रुलाए हैं। कांग्रेस के पापों के कारण कितने ही लोगों का जीवन बर्बाद हो गया। हमने वादा किया था कि युवाओं के साथ कांग्रेस ने जो धोखा दिया है उनको छोडऩे वाले नहीं है। एसआई भर्ती के साथ ही पटवारी और दिव्यांग का फर्जी प्रमाण-पत्र लेकर नौकरी लेने वालों को भी पकड़ा है। आप देख रहे हैं वो लगातार बंद होते जा रहे हैं। कलई से कलई खुल रही है।

उन्होंने कहा कि 15 दिसम्बर 2023 को भाजपा सरकार बनी और 16 दिसम्बर को फैसला लिया और एसओजी ने 56 लोगों को बाहर निकाल दिया। एसआई भर्ती 2021 कांग्रेस के समय हुई थी। पेपर आउट हुआ तो कांग्रेस ने मुकदमा दर्ज क्यों नहीं कराया। एसओजी उनके पास भी थी।

250 में से भी एक भी पेपर लीक नहीं

सीएम भजनलाल ने कहा कि हमारी सरकार में अब तक 250 से ज्यादा पेपर हुए। लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। हमने 75 हजार को नियुक्ति पत्र दे दिया। अब 81 हजार नौकरी का कलेंडर दे दिया है। तैयारी कर रहे युवाओं से कहता हूं कि आगे भर्ती आएगी। हम पांच साल में 4 लाख सरकारी और निजी क्षेत्र में 6 लाख नौकरी देंगे।

Updated on:
29 Aug 2025 10:28 pm
Published on:
29 Aug 2025 09:09 pm