जयपुर

Viksit Rajasthan Run: CM भजनलाल का बड़ा एलान, 10 लाख नौकरियों का किया वादा, बोले- पेपरलीक माफिया सलाखों के पीछे

Viksit Rajasthan Run 2026: सीएम भजनलाल शर्मा ने जयपुर में अमर जवान ज्योति से ‘विकसित राजस्थान रन-2026’ को हरी झंडी दिखाते हुए युवाओं से फिट रहने और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार, युवा नीति और ब्याज मुक्त ऋण जैसी योजनाओं से उनके सपनों को उड़ान दे रही है।

3 min read
Mar 15, 2026
सीएम भजनलाल शर्मा लोगों को संबोधित करते हुए (फोटो- पत्रिका)

Viksit Rajasthan Run: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'फिट इंडिया' अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस पहल ने देशवासियों को एक स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

मुख्यमंत्री रविवार को जयपुर में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'विकसित राजस्थान रन-2026' के शुभारंभ अवसर पर अमर जवान ज्योति पर जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर फिट रहें और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं ताकि राजस्थान प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू सके।

स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का मंत्र

मुख्यमंत्री ने दौड़ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित व्यायाम और दौड़ स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा, यदि प्रत्येक प्रदेशवासी एक कदम आगे बढ़ेगा, तो राजस्थान कई गुना आगे बढ़ेगा। दिन की शुरुआत दौड़ के साथ करने से न केवल शरीर में ऊर्जा बनी रहती है, बल्कि इससे सकारात्मक सोच का भी विकास होता है।

संबोधन के पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में आयोजित इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ दौड़कर उनका उत्साहवर्धन किया। सीएम शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने राजस्थान दिवस को तिथि के अनुसार मनाने की एक नई और सार्थक परंपरा शुरू की है।

उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि 30 मार्च 1949 को सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन विभिन्न रियासतों के विलय से वृहद राजस्थान की स्थापना हुई थी। भारतीय संस्कृति में शुभ मुहूर्त और नक्षत्रों के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष 19 मार्च (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) को पूरे प्रदेश में राजस्थान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

विकसित राजस्थान-2047 का विजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत-2047' के संकल्प की तर्ज पर राज्य सरकार 'विकसित राजस्थान-2047' के विजन पर मिशन मोड में काम कर रही है। सरकार का मुख्य लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पात्र नागरिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

युवा सशक्तीकरण और रोजगार के अवसर

सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए सीएम शर्मा ने कहा कि युवाओं के लिए एक नई 'युवा नीति' लागू की गई है। इसके प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं।

रोजगार का लक्ष्य: सरकारी क्षेत्र में 4 लाख और निजी क्षेत्र में 6 लाख नौकरियों का लक्ष्य रखा गया है।

वर्तमान स्थिति: अब तक 1.25 लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.33 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।

भर्ती कैलेंडर: पारदर्शी चयन प्रक्रिया के लिए 1 लाख से अधिक पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।

उद्यमिता: युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है ताकि वे 'जॉब सीकर' के बजाय 'जॉब प्रोवाइडर' बन सकें।

कठोर कार्रवाई: पेपरलीक जैसे अपराधों में शामिल दोषियों को सलाखों के पीछे भेजकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है।

इस कार्यक्रम में विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ये भी पढ़ें

Rajasthan LPG Crisis: गैस सिलेंडर की कमी से रुकी ‘अंतिम यात्रा’, शवदाह गृह में मचा हड़कंप, BJP नेताओं ने संभाला मोर्चा

Published on:
15 Mar 2026 06:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर