जयपुर

जनसुनवाई में CM भजनलाल का सख्त रुख: अफसर पर नाराज, बोले- ‘पी. रमेश क्यों, तुम क्या हो?, आज हो काम’

श्रम विभाग से जुड़ी एक शिकायत पर अधिकारी के जवाब से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नाराज हो गए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा- 'पी. रमेश क्यों है, तुम क्या हो?' और निर्देश दिए कि मामला आज ही निपटाया जाए।

less than 1 minute read
Feb 02, 2026
Feature image
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: फोटो पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परिवेदनाओं के समाधान में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर मामले का फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान श्रम विभाग से जुड़ी एक शिकायत पर अधिकारी के जवाब से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नाराज हो गए। एक युवती की परिवेदना सुनने के बाद जब सीएम ने जिम्मेदारी तय करने को कहा, तो अधिकारी द्वारा दूसरे अफसर का नाम लेने पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा- 'पी. रमेश क्यों है, तुम क्या हो?' और निर्देश दिए कि मामला आज ही निपटाया जाए।

आइएएस पी. रमेश अभी श्रम विभाग में सचिव हैं। एक अन्य प्रकरण में सीएम ने अधिकारियों से कहा कि, जो पात्र है, उसे लगाइए और जो योग्य नहीं है, उसे हटाइए। उन्होंने दोहराया कि सरकार की नीतियों और नीयत के केंद्र में लोककल्याण है और जनसेवा की भावना के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन विभागों से जुड़े मामले

जनसुनवाई में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सुनी गई। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्थाओं की ओर से आयोजित कार्यक्रमों के पोस्टरों का विमोचन भी किया।

Published on:
02 Feb 2026 09:17 pm