राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल में चुनावी शंखनाद कर दिया है, जहाँ सिलीगुड़ी के मेगा रोड शो में उमड़े जनसैलाब ने 'परिवर्तन' की आहट दे दी है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की धमक सुनाई दे रही है। शुक्रवार सुबह दिल्ली से बागडोगरा एयरपोर्ट पहुँचते ही सीएम शर्मा का जिस तरह आत्मीय स्वागत हुआ, उसने बंगाल के चुनावी रण में भाजपा के उत्साह को दोगुना कर दिया है। बिना वक्त गँवाए मुख्यमंत्री सीधे सिलीगुड़ी पहुँचे और वहां आयोजित रोड शो में अपनी ताकत दिखाई। ममता बनर्जी के गढ़ में राजस्थान के मुख्यमंत्री का यह 'शक्ति प्रदर्शन' सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा माना जा रहा है।
सिलीगुड़ी में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा, "आप स्पष्ट रूप से देख सकते हैं कि बंगाल की जनता में कितना उत्साह है। यहां की जनता ने इस भ्रष्टाचारी सरकार को हटाने का मन बना लिया है। भाजपा बहुत बड़े बहुमत से बंगाल में आने वाली है।" उन्होंने ममता बनर्जी पर वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि अब बंगाल विकास और सुशासन के मुद्दे पर कमल खिलाने के लिए तैयार है।
सिलीगुड़ी में रोड शो के बाद मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव राजस्थानी अस्मिता से जुड़ा रहा। उन्होंने टी ट्रेडर्स एसोसिएशन परिसर में मारवाड़ी समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ संवाद किया। चूंकि बंगाल के व्यापार और अर्थव्यवस्था में राजस्थानी (मारवाड़ी) समुदाय की बड़ी भूमिका है, ऐसे में सीएम भजनलाल का यह संवाद भाजपा के लिए 'मास्टरस्ट्रोक' साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री का शुक्रवार और शनिवार का शेड्यूल बेहद व्यस्त है:
बागडोगरा एयरपोर्ट पर हुए स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, "देवतुल्य कार्यकर्ताओं द्वारा मिले अपार स्नेह से मन अभिभूत है। यह उत्साह ही मेरी असली शक्ति है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में बंगाल की धरती पर इस बार 'परिवर्तन' का संकल्प और भी मजबूत हुआ है।"
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने भाषणों में राजस्थान में भाजपा सरकार द्वारा लिए गए बड़े फैसलों का जिक्र कर रहे हैं। वे बंगाल की जनता को यह संदेश दे रहे हैं कि जो बदलाव राजस्थान में आया है, वही सुशासन अब बंगाल की जरूरत है।