जयपुर

महिलाओं को फ्री स्मार्टफोन योजना का शुभारंभ, फ्री मोबाइल पाकर महिलाओं के चेहरे पर दिखी खुशी

Rajasthan Free Mobile Yojana: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा जिला कलेक्टर डॉ मंजू चौधरी की अध्यक्षता में हुआ।

2 min read
Aug 10, 2023

राजस्थान में इंदिरा गांधी फ्री स्मार्टफोन योजना आज से शुरू हो गई है। योजना के पहले चरण में 40 लाख महिलाओं को मोबाइल बांटने का लक्ष्य रखा है। सीएम गहलोत ने योजना महिलाओं को मुफ्त स्मार्टफोन देने की शुरुआत जयपुर के बिरला सभागार से की।

इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना का उद्धाटन करते हुए गहलोत ने कि आज एक बजट घोषणा पूरी होने जा रही है। इससे स्पष्ट होता है कि हम केवल वादा नहीं करते निभाते भी हैं। सीएम ने कहा कि दुनियाभर में सेमीकंडक्टर चिप की कमी है इस कारण मोबाइल नहीं बन रहे हैं। इस वजह से अलग-अलग फेज में मोबाइल दिए जाएंगे। पहले फेज में 40 लाख महिलाओं को मोबाइल बांटने का लक्ष्य रखा है। वहीं, अगले फेज में 80 लाख मोबाइल दिए जाएंगे।

मुख्यमत्री गहलोत की मौजूदगी में फ्री मोबाइल वितरण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का निर्धारित समय भले ही दोपहर 12 बजे का था, लेकिन इसमें शामिल होने के लिए महिलाओं और स्कूली छात्राओं का बिरला सभागार पहुंचने का सिलसिला सुबह 7 बजे से ही शुरू हो गया था। सुबह के 10 बजते-बजते तो सभागार में महिलाओं-छात्राओं का जैसे हुजूम ही उमड़ पड़ा था। सीएम के पहुंचने तक तो पूरा सभागार ऊपर से लेकर नीचे तक खचाखच भर चुका था।

मिला फ्री मोबाइल, चेहरे पर आई मुस्कान
फ्री स्मार्टफोन हाथों में पाकर लाभार्थियों के चेहरे की मुस्कान देखने लायक थी। स्कूली बालिकाओं ने बताया कि ये स्मार्टफोन उनकी शिक्षा को हाईटेक बनाएगा। अब स्कूल के अलावा घर बैठकर ऑनलाइन माध्यम से भी पढ़ाई कर सकेंगे। वहीं महिलाओं का कहना था कि फ्री इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ मोबाइल मिलने से उन्हें कई तरह की सहूलियतें होंगी। कई ज्ञानवर्धक जानकारियां भी मोबाइल के माध्यम से अब घर बैठे ही मिल सकेगी।


यह भी पढ़ें : CM Gehlot ने जारी की लिस्ट, जानिए कब और कहां मिलेगा आपका फ्री स्मार्टफोन

1.30 करोड़ तक पहुंचने का टारगेट
सीएम अशोक गहलोत ने आज सुबह अपनी एक ट्वीट प्रतिक्रिया जारी करते हुए कहा कि इस योजना के तहत 1.30 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को फ्री स्मार्टफोन व इंटरनेट उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। ये योजना माताओं, बहनों, बेटियों की शिक्षा, जागरूकता और तरक्की के लिए शुरु की जा रही है।

प्रथम चरण में इन्हें मिलेंगे स्मार्टफोन
-सरकारी विद्यालयों में 9वीं से 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्राएं
-सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्राएं
-विधवा, एकल नारी पेंशन प्राप्त कर रहीं महिलाएं
-वर्ष 2022-23 में महात्मा गांधी नरेगा योजना में 100 कार्य दिवस पूर्ण करने वाले परिवारों की महिला मुखिया
यह भी पढ़ें : CM Gehlot Gift : फ्री स्मार्टफोन पाकर खुश हुई महिलाएं, शिविरों में लगी भारी भीड़, देखें तस्वीरें

स्मार्ट फोन लेने के लिए यह प्रक्रिया
-शिविर में पहले आईजीएसवाई पोर्टल पर लाभार्थी का ई-केवाईसी किया जाएगा। लाभार्थी के स्वयं या फिर नजदीकी पहचान वाले व्यक्ति के स्मार्टफोन फोन पर जनाधार ई-वॉलेट इंस्टॉल किया जाएगा। इसके बाद पैन कार्ड का डिटेल आईजीएसवाई पोर्टल पर दर्ज करने के बाद तीन प्रकार के फॉर्म प्रिंट करके दिए जाएंगे।
-लाभार्थी इन फॉर्म को लेकर मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी के काउंटर पर जाकर सिम और डेटा प्लान और मोबाइल का चयन करेगा। इसके बाद फॉर्म व दस्तावेज को स्कैन कर आईजीएसवाई पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।
-इस प्रक्रिया के बाद लाभार्थी के ई-वॉलेट में पैसे ट्रांसफर होंगे और लाभार्थी को स्मार्टफोन मिल जाएगा।

शिविर में ये दस्तावेज लाने जरूरी
जिलों में लगने वाले शिविर में लाभार्थी को जनाधार कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और जनाधार कार्ड में दर्ज मोबाइल फोन लाना जरूरी है। वहीं, छात्राओं को आईडी कार्ड या एनरोलमेंट कार्ड लाना है।

Also Read
View All