
जयपुर। राजधानी जयपुर में 15 जून को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया है कि पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। उनके अनुसार, रविवार दोपहर 3 बजे से गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से अनुमति संबंधी आधिकारिक पत्र जारी नहीं किया गया है, जिसके चलते पार्टी पदाधिकारी लिखित आदेश का इंतजार कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार पुलिस प्रशासन ने करीब 800 लोगों की उपस्थिति के लिए अनुमति प्रदान की है। इस बीच प्रदर्शन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं, छात्रों तथा युवाओं के जयपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले तक इस प्रदर्शन को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी। 13 जून को जयपुर पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। जयपुर (दक्षिण) पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से जारी सूचना में कहा गया था कि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति देना संभव नहीं है। पार्टी ने 15 जून को सुबह 10 बजे से नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन का प्रस्ताव रखा था।
पुलिस की प्रारंभिक अस्वीकृति के बाद पार्टी नेताओं ने इस निर्णय पर आपत्ति जताई थी। इसी विषय को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में लगातार बैठकों का दौर भी चला। बताया जा रहा है कि प्रशासन और पार्टी प्रतिनिधियों के बीच हुई चर्चा के बाद प्रदर्शन को सीमित संख्या में आयोजित करने पर सहमति बनी है।
इधर, कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से पिंक सिटी प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित करने की भी जानकारा सामने आ रही है। प्रेस वार्ता में प्रदर्शन की रूपरेखा, प्रशासन से हुई बातचीत और आगे की रणनीति को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
कॉकरोच जनता पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि उसका आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जारी रहेगा। पार्टी का कहना है कि जयपुर प्रदर्शन के बाद आगामी दिनों में दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर भी आंदोलन का विस्तार किया जाएगा। वहीं, अब सभी की नजरें पुलिस की ओर से जारी किए जाने वाले आधिकारिक अनुमति पत्र और सोमवार को होने वाले प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।