
Rajasthan Weather: जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर द्वारा जारी दैनिक मौसम रिपोर्ट के अनुसार 4 जनवरी 2026 को राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में शीत दिन और शीतलहर की स्थिति बनी रही। तापमान की बात करें तो राज्य में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान फतेहपुर सीकर (AWS) में 1.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सबट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिसके कारण ठंडे मौसम का प्रभाव बना हुआ है। पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा आने वाले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। उत्तरी राजस्थान के जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि राज्य के अधिकांश भागों में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री कम दर्ज होने और कहीं-कहीं शीत दिन की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है।