Rajasthan weather update: राजस्थान में बैक टू बैक एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश ने चैत्र मास में सर्दी के लौटने का अहसास करा दिया है। शनिवार को एक नया अपर एयर सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव होने पर जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बाड़मेर समेत सीमावर्ती जिलों में मौसम ने पलटा खाया। बादलों की आवाजाही और फिर बारिश ने जैसलमेर जिले में जमकर तांडव मचाया।
तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया और तैयार फसलों को भारी नुकसान हुआ। जयपुर समेत कई शहरों में बादलों की आवाजाही बनी रही और सूर्यास्त के बाद चली ठंडी हवा ने गर्मी के तेवर नर्म कर दिए। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 8 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटे में बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, फलोदी और आसपास के क्षेत्र में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। जैसलमेर के कई इलाकों में तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया, जिससे खेतों में काटकर रखी फसलें बर्बाद हो गई। जैसलमेर के रामगढ़, कुछड़ी क्षेत्र के किसानों को सर्वाधिक नुकसान हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और सर्कुलेशन सिस्टम बनने से प्रदेश के पश्चिमी जिलों में पारे में आई गिरावट से मौसम सर्द रहा। रात में भी गर्मी के तेवर फिलहाल नर्म रहे हैं। बाड़मेर में शनिवार का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 31.4, जोधपुर में 32.4, बीकानेर में 31.6, चूरू में 31.4, श्रीगंगानगर में 30.4, हनुमानगढ़ में 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। जयपुर में दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ और कई स्थानों पर छितराए बादलों की आवाजाही बनी रही। रात में तेज रफ्तार से सर्द हवा चलने पर ठंडक महसूस हुई।
प्रदेश के कई जिलों में बारिश के दौर और ठंडी हवा चलने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हो रहा है। बारिश के कारण हवा में नमी बढ़ने से सुबह शाम में सर्द मौसम का अहसास लोगों को हो रहा है। मौसम में आए बदलाव से लोग सुबह शाम में हल्के गर्म कपड़ों का उपयोग कर रहे हैं।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान में सक्रिय है। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और नागौर जिले और आसपास के भागों में 22 मार्च को मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश, बूंदाबांदी होने और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की गति से हवा चलने की संभावना है। वहीं प्रदेश के शेष अधिकांश भागों में अगले 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने और तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने की संभावना है।