जयपुर

प्रदेश में​ फिर से नजर आएंगी बत्ती वाली गाडियां, जानिए कौन होंगे यह वीवीआईपी

परिवहन विभाग जारी करेगा आदेश
2 min read
• •
Updated: 3 Mar 2018, 8:43 PM IST
jaipur

ओमप्रकाश शर्मा / जयपुर। वीआईपी कल्चर खत्म करने के उद्देश्य से वाहनों से हटाई गई लालबत्ती का विकल्प तलाशा गया है। अब लालबत्ती के स्थान पर मल्टीकल की बत्ती का इस्तेमाल किया जाएगा। कानून व्यवस्था में जिनकी ड्यूटी है उन्हें यह बत्ती लाने की छूट दी जा रही है। अब जिला कलक्टर और एसपी को यह बत्ती लगाने की छूट मिलेगी। गृह और परिवहन विभाग की एक बैठक में यह निर्णय लिए जाने के बाद परिवहन विभाग आदेश जारी करने की तैयारी में है।

लाल, नीली व सफेद रंग वाली यह बत्ती वर्तमान में पुलिस के कई वाहनों पर देखे जा सकते हैं। गत माह हुई बैठक में तय किया गया है कि ऐसी बत्ती कानून व्यवस्था बनाएं रखने में तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगाने की छूट दी जाए। ऐसे में जिला कलक्टर, अतिरिक्त जिला कलक्टर, एसडीएम, तहसीलदार तथा पुलिस महकमे से पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व उप अधीक्षक अपने सरकारी वाहन पर यह बत्ती लगा सकेंगे। इसी तरह आरएसी के कमांडेंट, डिप्टी कमांडेंट तथा सहायक कमांडेंट के वाहन पर भी यह बत्ती लगेगी। बैठक में तय किया गया है कि इसके लिए आदेश परिवहन विभाग जारी करेगा। परिवहन विभाग भी आदेश जारी करने की पूरी तैयारी कर चुका है।

सरकारी आदेश के बाद हटी थी
वर्तमान में थाना पुलिस के अलावा किसी वाहन पर भी बत्ती नहीं है। वाहनों से लाल व नीली बत्ती सरकारी आदेश के बाद हटाई गई थी। पुलिस मुख्यालय में महानिदेशक स्तर के अधिकारियों के भी लाल बत्ती नहीं है। इसी तरह सचिवालय में भी सभी आईएएस अधिकारियों के वाहन से लाल बत्ती हटाई गई थी।

Published on: