जयपुर

Commercial LPG price Hike: कमर्शियल गैस सिलेंडर के 47% बढ़े दाम, अब खाना हो सकता है महंगा, होटल-ढाबों में 15% तक बढ़ सकती है कीमतें

होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैंटीन संचालकों के लिए संचालन लागत अचानक बढ़ गई है। प्रदेश में करीब 15 हजार होटल, 75 हजार रेस्टोंरट और 10 हजार से ज्यादा ढाबे आदि है।

2 min read
May 01, 2026
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी (X)

जयपुर। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमत में भारी उछाल हुआ है। पांच राज्यों में चुनाव खत्म होने के बाद अब रेटें बढ़ गई है। 19 किलो वाला कॅमर्शियल सिलेंडर 2106 रुपए की जगह 3099 रुपए में मिलेगा। यानी 47.2 प्रतिशत रेट बढ़ी है। यह नई दरें आज से ही प्रभावी हो गई हैं। व्यापारियों का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि एक साथ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपए का इजाफा किया गया है। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ें

जयपुर में स्कूल जा रही नाबालिग छात्राओं को सिक्योरिटी गार्ड ने दिखाए अश्लील वीडियो, पुलिस ने आरोपी को किया राउंडअप

इस साल में 1490 रुपए बढ़े

इस साल में कमर्शियल सिलेंडर पर कंपनियों ने अब तक 1490 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले साल 31 दिसंबर तक 1669 रुपए में सिलेंडर मिलता था, जो अब 1 मई तक बढ़कर 3099 रुपए में हो गया। जनवरी में कंपनियों ने 111 रुपए, फरवरी में 49.50, मार्च में 141.50 रुपए और अप्रेल में 195 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की।

शादी वाले घरों में फीकी होगी मिठाई

कमर्शियल सिलेंडर के दामों में आई इस रिकॉर्ड उछाल का सबसे बड़ा असर शादी-ब्याह वाले परिवारों पर पड़ा है। वर्तमान में शादियों का सीजन होने के कारण हलवाइयों और कैटरिंग के काम में इसी सिलेंडर का उपयोग होता है। अब सिलेंडर लगभग एक हजार रुपए महंगा होने के बाद हलवाइयों ने अपनी फीस और खाने की 'रेट लिस्ट' बढ़ाने के संकेत दे दिए हैं।

एक लाख से ज्यादा होटल-ढाबे और रेस्टोरेंट पर असर

होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैंटीन संचालकों के लिए संचालन लागत अचानक बढ़ गई है। प्रदेश में करीब 15 हजार होटल, 75 हजार रेस्टोंरट और 10 हजार से ज्यादा ढाबे आदि है। जहां पर खाने के पकवानों की कीमतों में 15 प्रतिशत तक आने वाले दिनों में उछाल देखने को मिलेगा। इसके अलावा छोटे दुकानदार जो चाय, समोसा और कचौरी बेचते हैं, उनके लिए अब पुराने दामों पर व्यापार करना मुश्किल होगा। आने वाले दिनों में चाय की थड़ियों से लेकर बड़े रेस्टोरेंट्स तक मेन्यू कार्ड में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मजदूरों पर मार: 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर भी महंगा

महंगाई की सबसे ज्यादा मार दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ी है। एलपीजी संकट को देखते हुए मजदूरों के लिए शुरू की गई 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की रिफिलिंग अब 242 रुपए महंगी हो गई है। पहले जो रिफिल 591 रुपए में मिलता था, अब उसके लिए मजदूरों को 833 रुपए चुकाने होंगे।

इनका कहना है….

  • ऐसा पहली बार हुआ है कि एक साथ कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में 993 रुपए का इजाफा किया गया है। इसका असर होटल, रेस्टोरेंट सब में देखने को मिलेगा। खाने पीने के सामान की कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक रेटें बढ़ जाएगी।

गजेंद्र सिंह लूनिवाल
अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ राजस्थान होटल एसोसिएशन

  • अब हम क्या करें, हमारी मजबूरी है रेट बढ़ाना। सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई है, अब मिठाई की कीमतें भी बढ़ेगी।

ओमप्रकाश सोनी
दुकानदार

ये भी पढ़ें

Love Story: बॉय फ्रेंड ने घर आकर दिया गर्ल फ्रेंड को शादी का कार्ड, फिर दूसरी युवती से कर ली शादी, दुखी होकर प्रेमिका ने दी जान
Updated on:
01 May 2026 12:07 pm
Published on:
01 May 2026 11:57 am
Also Read
View All