जयपुर

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बीजेपी-कांग्रेस नेता आमने-सामने, तिवाड़ी बोले-घूसखोर पार्टी कर रही बयानबाजी

Rajasthan Politics: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर कटाक्ष किया।

2 min read
Mar 16, 2024

Rajasthan Politics: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट पर उन्होंने कहा कि जिनकी पार्टी घूसखोरी, दो नंबर से पैसे देकर वोट लिया करती थी... वे आज गलत बयानबाजी कर रहे हैं।


शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो कोटा परमिट सिस्टम लागू करके ब्लैक मनी के आधार पर काम किया। जबकि, भाजपा ने बैंकों के जरिए चुनावी चंदा प्रक्रिया शुरू कर ब्लैक मनी को रोका है। उन्होंने कहा कि जितने राज्यों में कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके की सरकार है, वहां इन पार्टियों ने भाजपा से ज्यादा इलेक्टोरल बॉन्ड लिया है।


तिवाड़ी ने प्रदेश की भजनलाल सरकार को ’वंडर सरकार’ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विधानससभा चुनाव की सभाओं में पेट्रोल-डीजल की दरों की समीक्षा के लिए कहा था। केन्द्र सरकार ने 2 रुपए कम कर दिए और राज्य सरकार ने 2 प्रतिशत वैट और फ्रेट घटाकर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में पेट्रोल-डीजल की दरों में विसंगतियों को दूर किया है। तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा राजस्थान में 25 लोकसभा सीट जीत रही है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी फेल हो गई है। विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री ने कहा था कि भाजपा सरकार बनने पर पेट्रोल-डीजल की कीमत कम कर पड़ोसी राज्यों के बराबर की जाएंगी, लेकिन मात्र 2 फीसदी वेट कम किया गया है। अब भी पड़ोसी राज्यों से राजस्थान में पेट्रोल 10 रुपए तक महंगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर बड़ा घोटाला किया है।

डोटासरा ने शुक्रवार को मीडिया से कहा कि पीएम मोदी ने विधानसभा चुनाव में आरोप लगाया था कि राजस्थान की सरकार पेट्रोल-डीजल पर पैसा खा रही है। हरियाणा की तरह कीमत करने की बात कही थी। लेकिन राजस्थान में पेट्रोल अब भी महंगा हैं। इस दौरान विधायक रोहित बोहरा ने भी पेट्रोल-डीजल की एक दर रखने को धोखा बताया।


प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार पर चोरी और सीना जोरी वाली कहावत फिट बैठती है। विपक्ष को धमकाओ, कंपनियों को धमकाओ, चहेतों को ठेके दो और पैसे लो। सत्तारूढ़ पार्टी ने किसी काम के बदले या अपराध छुपाने, जांच को प्रभावित करने के लिए पैसा लिया है तो दुनिया में इससे बड़ा कोई पाप नहीं है। इलेक्टोरल बॉन्ड में संगठित गिरोह के तौर पर काम करके देश की संपदा को लूटा है। पहले रेड डालो फिर उन कंपनियों से चंदा लो। इस नीति पर काम हुआ है।

Published on:
16 Mar 2024 11:20 am
Also Read
View All