
Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस क्षेत्रीय दलों से भी गठबंधन पर विचार कर रही है। भारतीय आदिवासी पार्टी, सीपीआइ और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) से गठबंधन को लेकर कांग्रेस में उच्च स्तर पर मंथन चल रहा है, लेकिन रालोपा से गठबंधन को लेकर पार्टी दो धड़ों में बंटती नजर आ रही है। पार्टी का एक धड़ा जहां रालोपा से गठबंधन के पक्ष में है, वहीं दूसरे धड़े के नेता रालोपा प्रमुख हनुमान बेनीवाल से गठबंधन नहीं चाहते हैं। दिल्ली में हाल में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में भी बेनीवाल से गठबंधन को लेकर नाराजगी की खबरें बाहर आईं थीं। हालांकि क्षेत्रीय दलों से गठबंधन का फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ा है।
नागौर कांग्रेस के नेता भी पक्ष में नहीं
सूत्रों के मुताबिक रालोपा से गठबंधन को लेकर बायतु से कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी ने शीर्ष नेताओं के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर की। बताया जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चौधरी ने क्षेत्रीय दलों से गठबंधन की बजाय अपने दम पर ही चुनाव लड़ने के सुझाव भी दिए। हालांकि चौधरी की नाराजगी के पीछे एक वजह यह भी है कि बेनीवाल और उनके बीच लंबे समय से अदावत चली आ रही है। नागौर कांग्रेस के भी अधिकांश नेता बेनीवाल से गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।