जयपुर

Pachpadra Refinery Fire: ‘रिफाइनरी का काम अभी पूरा नहीं…’ पचपदरा में लगी भीषण आग पर सियासत गरम, क्या बोले कांग्रेस के दिग्गज नेता ?

Pachpadra Refinery Fire: पीएम मोदी के आगमन से ठीक एक दिन पहले पचपदरा रिफानरी में भीषण आग लगने के बाद राजस्थान की राजनीति भी गरम हो गई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता लगातार सत्ता पक्ष पर हमलावर हैं।

2 min read
Apr 20, 2026
पचपदरा रिफाइनरी में लगी भीषण आग (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर। पचपदरा स्थित रिफाइनरी प्लांट में लगी भीषण आग ने पूरे राजस्थान में हलचल मचा दी है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू-वीडीयू) साइड पर एक्सचेंजर फटने के बाद अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इस घटना के चलते रिफाइनरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद कर्मचारियों व अधिकारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

यह हादसा ऐसे समय हुआ, जब एक दिन बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी के लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित था। घटना के बाद पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा कर दी। मंत्रालय के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

ये भी पढ़ें

Pachpadra Refinery Fire Incident : ‘मुख्यमंत्री लें सार्वजनिक ज़िम्मेदारी’, सांसद हनुमान बेनीवाल का बड़ा बयान, सातवें आसमान पर सियासी पारा !

टीकाराम जूली ने तैयारियों पर उठाए सवाल

आग लगने की खबर सामने आते ही राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर भी शुरू हो गया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस घटना को गंभीर बताते हुए सरकार की तैयारियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस परियोजना का उद्घाटन अगले ही दिन होना है, वहां इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था और जल्दबाजी में किए जा रहे कामों को उजागर करती है।

रिफानरी का काम अधूरा

जूली ने यह भी आरोप लगाया कि इस परियोजना को पहले भाजपा सरकार ने वर्षों तक रोके रखा, जिससे इसकी लागत दोगुनी हो गई। अब अधूरे काम के बावजूद उद्घाटन की जल्दबाजी दिखाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठी मार्केटिंग के लिए ये सब किया जा रहा था। लगता है अभी रिफाइनरी का काम पूरा नहीं हुआ है।

सचिन पायलट ने क्या कहा?

वहीं, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने घटना को चिंताजनक बताते हुए सभी की सुरक्षा की कामना की और स्थिति जल्द सामान्य होने की उम्मीद जताई।

गोविंद सिंह डोटासरा ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश के विकास के लिए अहम है और इसकी नींव 2013 में रखी गई थी। उन्होंने सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।

अशोक गहलोत ने कहा चिंताजनक

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस हादसे पर चिंता जताई और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है और ऐसे समय पर इस तरह की घटना चिंता का विषय है।

लोकार्पण की नई तारीख होगी घोषित

घटना के तुरंत बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और लोकार्पण की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

ये भी पढ़ें

Pachpadra Refinery Fire: पचपदरा रिफाइनरी में लगी भीषण आग, PM का दौरा स्थगित, कल मोदी करने वाले थे उद्घाटन
Also Read
View All