
Pachpadra Refinery Fire
बालोतरा। राजस्थान की पचपदरा स्थित रिफाइनरी प्लांट में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग लगने से हड़कंप मच गया। वहीं आग की घटना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी का मंगलवार को होने वाला दौरा स्थगित हो गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर दो बजे रिफाइनरी के सीडीयू-वीडीयू साइड पर एक्सचेंजर फटने से आग लग गई। विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घटना ऐसे समय हुई जब एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थी।
घटना के तुरंत बाद रिफाइनरी परिसर में आपात स्थिति जैसी हालात बन गए और एचआरआरएल प्रबंधन व प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया था। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। बड़ी संख्या में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गईं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर पहले से तैनात दमकल वाहन भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे राहत कार्य तेजी से शुरू हो सका। करीब एक दर्जन दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास किया। दो घंटे बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया है।
यह करोड़ों की यूनिट है, लेकिन अभी आधिकारिक रूप से कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि कितना नुकसान हुआ है। इसके दुबारा तैयार करने करीब एक साल का समय लग सकता है। इसलिए इसके लोकार्पण की अभी कोई तिथि तय नहीं है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रिफाइनरी में आग लगने की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन से वार्ता कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है। सुरक्षा मानकों को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया मंच (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, ''बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी में आग लगने की खबर सुनकर चिंता हुई। रिफाइनरी हम सभी राजस्थानियों के लिए गर्व करने वाली परियोजना है जिसका कल उद्घाटन होना है। ऐसे समय पर यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।'' गहलोत ने आगे लिखा कि वह इस कठिन समय में वहाँ मौजूद सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की सलामती की प्रार्थना करते हैं।
Updated on:
20 Apr 2026 09:06 pm
Published on:
20 Apr 2026 05:32 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
