
जयपुर।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक हस्ताक्षर से पार्टी में बड़े बदलाव हो गए। बतौर महासचिव गहलोत के हस्ताक्षर से जारी हुई विज्ञप्ति के अनुसार लुईजिन्हो फलेरियो को पार्टी में पूर्वोत्तर राज्यों के मामलों का दायित्व दिया गया है। हालांकि असम उनके दायरे से बाहर होगा। फलेरियो डॉ सीपी जोशी का स्थान लेंगे।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव रहे अहमद पटेल को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वह लंबे समय से यह पद संभाल रहे पार्टी के बुजुर्ग नेता मोतीलाल वोरा का स्थान लेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने वोरा को महासचिव नियुक्त कर पार्टी प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी है। एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव के तहत राज्यसभा में पार्टी के उपनेता आनंद शर्मा को डा. कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का दायित्व सौंपा गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने इस सिलसिले में विज्ञप्ति में यह जारी दी।
विज्ञप्ति के अनुसार इसी तरह से लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गईं हैं।