जयपुर

बीजेपी मंत्री की जनसुनवाई में ‘मजबूर’ कांग्रेसी नेता की दस्तक, भजनलाल सरकार की कर दी तारीफ

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम की जनसुनवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता सतीश पांडे अपनी परिवेदना लेकर पहुंचे। पांडे ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए मजबूरन उन्हें भाजपा कार्यालय आकर अपनी समस्या रखनी पड़ी।

2 min read
Jan 22, 2026
Satish Pandey Attends Public Hearing Jawahar Singh Bedham (Photo-X)

Congress worker Satish Pandey: राजस्थान प्रदेश बीजेपी कार्यालय में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। आमतौर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भरी रहने वाली इस जनसुनवाई में कांग्रेस से जुड़े कुछ लोग भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

बता दें कि इनमें भरतपुर जिले के मैनापुरा-भुसावर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता सतीश पांडे की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में खास चर्चा बटोरी। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम की जनसुनवाई में जब सतीश पांडे अपनी परिवेदना लेकर पहुंचे, तो यह साफ हो गया कि लोगों के लिए अब दलगत राजनीति से ज्यादा अहम अपनी समस्या का समाधान है।

ये भी पढ़ें

‘मधुशालाओं’ को लेकर फिर हलचल…सुप्रीम कोर्ट की रोक के बीच पुलिस ने मांगी 7 दिन में रिपोर्ट

पांडे ने मंत्री के सामने अपनी बात रखते हुए कहा, वे लंबे समय से अपनी शिकायतों को लेकर भटक रहे थे। लेकिन पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कई बार गुहार लगाने के बावजूद जब समाधान नहीं मिला, तो अंततः उन्हें भाजपा कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई का सहारा लेना पड़ा।

मौजूदा सरकार की कार्यशैली से प्रभावित

सतीश पांडे ने यह भी स्पष्ट किया कि वे आज भी कांग्रेस से जुड़े हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की कार्यशैली से प्रभावित हैं। उनका कहना था कि सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार आम लोगों की समस्याएं सुन रही है और त्वरित कार्रवाई हो रही है। इसी भरोसे के साथ वे जनसुनवाई में पहुंचे हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनकी परिवेदना का जल्द समाधान होगा।

बेढम ने गंभीरता से सुनी बात

जनसुनवाई के दौरान बेढम ने सतीश पांडे की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामले में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार के लिए व्यक्ति की समस्या सबसे महत्वपूर्ण है, न कि उसका राजनीतिक दल। सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को न्याय और राहत दिलाना है।

बीजेपी कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर भुसावर क्षेत्र के बीजेपी कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री बेढम ने कहा, यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सोच का परिणाम है कि सरकार हर व्यक्ति की बात सुन रही है, चाहे वह किसी भी पार्टी से जुड़ा हो। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बन रही है।

पूर्ववर्ती सरकार पर साधा निशाना

मंत्री बेढम ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा, उनके कार्यकाल में कई अनियमितताएं हुईं, जिनका खुलासा अब हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में ओएमआर शीट से छेड़छाड़ कर शून्य या माइनस अंक लाने वालों को भी मेरिट में शामिल किया गया, जिससे मेहनती युवाओं के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, पेपर माफिया और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें

नहीं हटेगी ‘मधुशाला’…सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, मदिरापान करने वालों की बल्ले-बल्ले

Published on:
22 Jan 2026 02:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर