Rajasthan Government : पानी - बिजली की समस्या को लेकर भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता तो सड़कों पर उतरे लेकिन विधायकों और चुनाव लड़ चुके नेताओं ने धरने से दूरी बनाए रखी।
Jaipur News : प्रदेश कांग्रेस में भले ही एकजुट के दावे किए जाते हो लेकिन गुटबाजी हावी है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि बिजली-पानी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता तो सड़कों पर उतरे लेकिन विधायकों और चुनाव लड़ चुके नेताओं ने धरने से दूरी बनाए रखी। कलक्ट्रेट पर बुधवार को बिजली-पानी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जयपुर शहर और जयपुर देहात कांग्रेस का संयुक्त धरना आयोजित हुआ। बारिश के बीच कार्यकर्ता तो धरने पर डटे रहे लेकिन दोनों जिलों से आने वाले विधायक और विधानसभा-लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नेता नहीं पहुंचे। हालांकि धरने में प्रभारी रोहित बोहरा, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आर. आर. तिवाड़ी और देहात अध्यक्ष गोपाल मीणा मौजूद रहे। धरने के पश्चात मुख्यमंत्री के नाम कलक्टर को ज्ञापन दिया गया।
शहर अध्यक्ष तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार हैरिटेज और ग्रेटर निगम का एकीकरण करना चाहती है। कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में उसे बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर एकीकरण का प्रयास किया गया तो मैं कार्यकर्ताओं के साथ अनशन पर बैठूंगा। देहात अध्यक्ष गोपाल मीणा ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था लचर होने से अपराध बढ़ रहे हैं।