फिल्म पद्मावत का विवाद अभी थमा नहीं और अब झांसी की रानी पर बन रही फिल्म का विरोध शुरू हो गया है।
जयपुर। फिल्म पद्मावत का विवाद अभी थमा नहीं और अब झांसी की रानी पर बन रही फिल्म का विरोध शुरू हो गया है। फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ में एेतिहासिक तथ्यों से छेडछाड़ का आरोप लगाते हुए ग्लोबल ब्राह्मण फैडरेशन व सर्व ब्राह्मण महासभा ने सरकार से फिल्म की शूटिंग रुकवाने की मांग उठाई है।
फैडरेशन के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने इस फिल्म में एेतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ के अलावा हिस्टोरिकल फेक्ट्स से अलग फिल्म बनाने पर आपत्ति जताई है। मिश्रा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ फिल्म की शूटिंग राजस्थान में हो रही है। इसमें झांकी की रानी का विदेशी के साथ प्रेम प्रसंग दिखाया जा रहा है, जो गलत है।
ब्राह्मण समाज के साथ अन्य संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। सरकार को इस फिल्म की शूटिंग रोकनी चाहिए, साथ ही फिल्म के डायरेक्टर से एेतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ नहीं करने का शपथ पत्र लें। एेसा नहीं करने पर ब्राह्मण महासभा इसका विरोध करेगी और फिल्म को रिलीज नहीं होने देगी।
मिश्रा ने कहा कि फिल्म के प्रोड्यूसर कमल जैन को महासभा ने 10 दिन पहले चेतावनी पत्र देकर फिल्म को लेकर तीन सवाल किए थे, जिसमें फिल्म किस लेखक की किताब के आधार पर बन रही है, इसकी कहानी कहां से लाई गई है और इसमें किस प्रकार के गानों का प्रदर्शन हेागा। इसके बारे में जानकारी मांगी थी, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। इससे आशंका है कि फिल्म का फिल्मांकन गलत तथ्यों के आधार पर हो रहा है। अगर सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश में फिल्म पद्मावत के जैसा विरोध प्रदर्शन होने की जिम्मेदार सरकार होगी।