जयपुर

CWG 2018: राजस्थान के ‘छोरे’ ओमप्रकाश ने कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता दूसरा पदक, ‘दोगुनी’ ख़ुशी से झूम उठा गांव

भारतीय निशानेबाज़ ओमप्रकाश मिथरवाल का डबल धमाका, कॉमनवेल्थ गेम में जीता दूसरा पदक, गांव में जश्न का माहौल
3 min read
• •
Updated: 11 Apr 2018, 12:41 PM IST
Om Prakash Mitharval

गोल्ड कोस्ट, ऑस्ट्रेलिया।

राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले भारतीय निशानेबाज़ ओमप्रकाश मिथरवाल ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में एक बार फिर धमाका कर दिखाया है। ओम ने इस चैम्पियनशिप का दूसरा पदक जीतते हुए भारत का नाम रोशन किया है। मिथरवाल ने गोल्ड कोस्ट में कांस्य के रूप में अपना दूसरा पदक हासिल किया है। वहीं उनके पदक जीतने के कुछ ही देर बाद महिला निशानेबाज़ श्रेयसी सिंह ने भारतीय निशानेबाज़ी का स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। भारत के लिए यह आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 12वां स्वर्ण पदक है।

ओम मिथरवाल ने पुरूषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहते हुए 201.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। यह उनका इन खेलों में दूसरा कांस्य पदक है। इससे पहले उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी कांस्य जीता था।

गांव में मनाई जा रही दोगुनी ख़ुशी
राष्ट्रमंडल खेलों में एक नहीं बल्कि दो पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाले ओमप्रकाश मिथरवाल के गांव की खुशियां दोगुनी हो गईं हैं। ग्राम पंचायत सीहोडी की ढाणी नीमड़ी के निवासी मिठारवाल की कॉमनवेल्थ गेम में 50 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग मे कांस्य पदक जीतने की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल बन गया।

पत्नी अंजू देवी और दादी छोटी देवी के साथ ही मां शांति देवी ने नाच-गाकर खुशी का इज़हार किया। घर पर आने पहुँचने वाले प्रशंसकों और गांववालों का मुंह मीठा किया गया। वहीं पिता सज्जन सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं है। रिटायर अध्यापक दादा रामनाथ ने पोते की उपलब्धि पर ख़ुशी जताई है।

ओम प्रकाश की इस उपलब्धि पर ढाणी नीमड़ी में डीजे पर जश्न मनाया गया। ओम प्रकाश के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

क्वालिफिकेशन राउंड में मिथरवाल ने तोडा था CWG रिकॉर्ड
23 साल के मिथरवाल का यह पहला कामनवेल्थ गेम्स है। फाइनल में 24 में से 18 शॉट्स जब हो चुके थे तब तक मिथरवाल गोल्ड मेडल पोजीशन पर थे, लेकिन उनके दो ख़राब शॉट्स ने उनको ब्रॉन्ज मेडल पर खिसका दिया था। इससे पहले 10 मीटर पिस्टल के क्वालिफिकेशन राउंड में मिथरवाल कामनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड तोड़ चुकें हैं जो कि भारत के समरेश जंग के नाम था, हालांकि उस स्पर्धा में भी वो ब्रॉन्ज मेडल ही जीत सके थे और उनके हमवतन जीतू ने गोल्ड जीता था। मिथरवाल का इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हाल ही में मेक्सिको में हुए ISSF वर्ल्ड कप में आया था जहां उन्होंने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चौथा स्थान हासिल किया था।

श्रेयसी ने किया धमाका
इधर, श्रेयसी से पहले ही पदक की काफी उम्मीदें थीं और उन्होंने भी निराश नहीं किया। महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में वह 96+2 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं और स्वर्ण जीता जबकि आस्ट्रेलिया की एमा कॉक्स ने 96+1 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। इस स्पर्धा का कांस्य स्कॉटलैंड की लिंडा पियर्सन को मिला जिन्होंने फाइनल में 87 का स्कोर किया। इसी स्पर्धा के फाइनल में अन्य भारतीय महिला निशानेबाज़ और राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण कर रहीं वर्षा वर्मन 86 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं और कांस्य पदक विजेता से एक अंक पीछे रहकर पदक से चूक गईं।

वर्षा ने 21, 25, 21 और 19 के स्कोर किये जबकि लिंडा ने उनसे आखिरी राउंड में एक अंक बेहतर 20 के स्कोर के साथ पोडियम पर जगह पक्की की। 26 साल की श्रेयसी ने 10 मजबूत खिलाड़यिों की फील्ड में कमाल का दबदबा दिखाया और 24, 25, 22 और 25 के स्कोर किये तथा उन्हें कड़ी टक्कर दे रहीं घरेलू खिलाड़ी एमा को पीछे छोड़ा जो 23, 28 और 27 के अच्छे स्कोर के बाद चौथे राउंड में 18 के स्कोर के साथ पिछड़ गयीं।

खेलों के सातवें दिन भारत को दिन का पहला पदक ओम ने दिलाया। ओम 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड में सर्वाधिक 549 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे जबकि दो दिन पहले 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण जीतने वाले जीतू राय ने 542 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहकर फाइनल के लिये क्वालीफाई किया।

पिछले ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में क्वालिफिकेशन में 562 के स्कोर के साथ राष्ट्रमंडल खेल रिकार्ड बनाने वाले जीतू अपने पिछले प्रदर्शन को यहां दोहरा नहीं सके और फाइनल में वह आठ खिलाड़ियों में आखिरी आठवें स्थान पर रहे।

उन्होंने निराशाजनक 105 का स्कोर किया। इस स्पर्धा में आस्ट्रेलिया के डेनियल रिपाचोली ने 227.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक और बंगलादेश के शकील अहमद ने 220.5 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। गोल्ड कोस्ट में ओम दो पदक जीतने वाले हीना सिद्धू के बाद दूसरे निशानेबाज़ हैं। ओम ने दो दिन पहले 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीता था जबकि हीना ने निशानेबाजी खेलों के पहले दिन 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक के बाद मंगलवार को 25 मीटर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता।

Updated on:
11 Apr 2018, 12:41 PM IST
Published on: