जयपुर

Dausa Rape Case: वसुंधरा राजे बोलीं- जब तक सरकार की विदाई नहीं होती, तब तक बेटी की चीखें कानों में गूंजती रहेगी

Dausa Rape Case: दौसा में मासूम बच्ची से दरिंदगी मामले में एक बार फिर भाजपा नेताओं ने गहलोत सरकार को घेरा है। सोशल मीडिया के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने सरकार पर जुबानी हमला बोला।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2023, 2:01 PM IST
Dausa Rape Case:वसुंधरा राजे बोलीं-जब तक सरकार की विदाई नहीं होती, तब तक बेटी की चीखें कानों में गूंजती रहेगी
Dausa Rape Case:वसुंधरा राजे बोलीं-जब तक सरकार की विदाई नहीं होती, तब तक बेटी की चीखें कानों में गूंजती रहेगी

दौसा में मासूम बच्ची से दरिंदगी मामले में एक बार फिर भाजपा नेताओं ने गहलोत सरकार को घेरा है। सोशल मीडिया के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने सरकार पर जुबानी हमला बोला। वसुंधरा राजे ने इस शर्मसार करने वाली घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।

राजे ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि बीते पांच वर्षों में कांग्रेस ने राजस्थान को जो कुशासन दिया है, उसी का नतीजा है कि यहां बेटियों से दरिंदगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दौसा में चार वर्ष की मासूम के साथ रेप की वारदात ने राजस्थान को एक बार फिर शर्मसार किया है। इस बेटी की चीखें तब तक प्रदेशवासियों के कानों में गूंजती रहेगी, जब तक कि अपराधियों को सजा नहीं मिल जाती और जब तक इस निष्क्रिय सरकार की विदाई नहीं हो जाती।

रक्षक ही भक्षक बन गए-जोशी

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि राजस्थान में प्रतिदिन बच्चियों के साथ दुष्कर्म की शर्मसार करने वाली घटनाएं सामने आ रही है। दौसा जिले में हुई यह दुष्कर्म की घटना प्रदेश की नाकाम, लाचार और भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के द्वारा बनाई गई व्यवस्था के कारण हो रही है, जहां रक्षक ही भक्षक बने हुए हैं।

मासूम के साथ दरिंदगी सरकार पर कलंक-राठौड़

नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने दौसा में मासूम बच्ची से दरिंदगी की घटना को प्रदेश सरकार के माथे पर अमिट कलंक बताया है। राठौड़ ने पूछा कि जनता के सामने गारंटी का ढोंग रचने वाले मुख्यमंत्री महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी क्यों नहीं दे पा रहे हैं ? शिकायत लेकर पहुंचे पीडि़ता के पिता को भी पुलिस पीट रही है तो सरकार सुशासन का दावा कैसे कर सकती है ? राठौड़ ने कहा कि गहलोत राज में खाकी लगातार शर्मसार हो रही है, लेकिन मुख्यमंत्री को सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने की चिंता है। राठौड़ ने कहा कि रानी पद्मिनी के स्वाभिमान और मीरा की भक्ति के लिए पहचान रखने वाले प्रदेश का दुष्कर्म के मामलो में एक नम्बर पर आना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऊपर से शांति धारीवाल जैसे नेताओं के मर्दों के प्रदेश वाले बयान सरकार की निकृष्ट सोच को उजागर करते हैं।

Published on: