
जयपुर। पापा मुझे सुबह जल्दी उठा देना, नहीं तो पिकनिक पर जाने में देर हो जाएगी। रात को प्रियंका यही कहकर सोई थी। सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले मैंने भी उसे यही कहकर उठाया। बेटा जल्दी उठ जा, नहीं तो पिकनिक पर नहीं जा पाएगी। काश! वह नहीं जा पाती, तो बच जाती। यह कहते हुए प्रियंका के पिता सीताराम सुबके तो चुप ही नहीं हो पाए। सुबकते हुए ही बोले, मुझे क्या पता था कि उसे आज आखिरी बार उठा रहा हूं। उसके बाद वह हमेशा के लिए सो जाएगी। वह तो घर की रौनक थी। वह क्या गई, घर की रौनक चली गई।
पता नहीं किन हालात में वह गंदे पानी के हौद में गिरी होगी। वह पिकनिक को लेकर उत्साहित थी। खाने के सामान के साथ तैरने के लिए अलग कपड़े ले गई थी। परिजनों के अनुसार प्रियंका की मौत की बात शनिवार शाम तक भी मां रोशनी व भाई अविनाश को नहीं बताई गई। मां को यही बताया गया कि चोट लगी है, वह अस्तपताल में भर्ती है। अविनाश प्रियंका के साथ रीबस स्कूल में ही पांचवीं में पढ़ता है। उसने बताया कि प्रियंका को अंतिम बार उसने स्विमिंग पूल के पास दोपहर लगभग 12.30 बजे देखा था।
परिजनों का आरोप, हालात दुष्कर्म-हत्या जैसे
गौरतलब है कि स्कूल के बच्चों के साथ अजमेर रोड स्थित कंचन केसरी रिसोर्ट में पिकनिक पर गई 9 वर्षीय प्रियंका की शुक्रवार दोपहर गंदे पानी के हौद में डूबने से मौत हो गई थी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन, रिसोर्ट कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिन हालात में बच्ची की मौत हुई, वे दुष्कर्म के बाद हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। रिसोर्ट व स्कूल एक-दूसरे को बचाने में जुटे हैं।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि दोपहर 1.45 बजे स्वीमिंग पूल से निकलने के बाद खाने की तैयारी हो रही थी। तब बच्चों की जानकारी जुटाई तो प्रियंका नहीं दिखी। पूछताछ करने पर रिसोर्ट के 20 वर्षीय कर्मचारी ने बताया कि एक बालिका को उसने हौद की ओर जाते देखा था। इस पर 2 टीचर उस ओर गईं। बाद में प्रियंका को हौद से निकाला गया। पूछताछ में कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि उसने पानी में टाई तैरते देखी थी, इसलिए बच्ची के उधर जाने के बारे में कहा था। हालांकि प्रियंका को हौद से निकाला तब उसने टाई नहीं पहन रखी थी।
कैमरे नहीं
रिसोर्ट में हौद के आसपास सीसीटीवी नहीं होने के कारण पुलिस को फिलहाल दिशा नहीं मिल पाई।
दोबारा हुआ पोस्टमार्टम
परिजनों का आरोप है कि हौद रिसोर्ट के पीछे चेंजिंग रूम से करीब 80 फीट दूर है। उसके बीच कबाड़, पेड़ और ऐसे हालात हैं कि वहां हर कोई आसानी से नहीं जा सकता। बच्चे तो वहां जाने में ही सहम जाएं। ऐसे में प्रियंका अकेली वहां नहीं जा सकती। उसके साथ कोई गलत हरकत हुई या उसे जबरन वहां ले जाया गया। फिर पहचान खुलने या विरोध के कारण उसे हौद में धक्का दे दिया गया। प्रियंका के सैन्यकर्मी पिता सीताराम की 3 ग्रेनेडियर्स यूनिट से रात को रिसोर्ट पहुंचे सैन्य अफसरों के दखल के बाद परिजनों ने ऐसे ही सवाल दागे। आशंका जताने के बाद शनिवार दोपहर एसएमएस मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद परिजन शव लेकर बासड़ी (खाटूश्यामजी) की ओर रवाना हो गए।
आईपीएस बनना चाहती थी
पिता के अनुसार उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही है। वह एनर्जेटिक व निडर, समझदार थी। वह हमेशा यही कहती थी कि बड़ी होकर आईपीएस ऑफिसर बनेगी।
जिम्मेदारी तो तय हो
परिजनों ने कहा कि प्रियंका की मौत को लेकर स्कूल प्रबंधन के पास कोई जवाब नहीं है। रिसोर्ट प्रबंधन भी जवाबदेही से बच रहा है। अभिभावकों से मोटी फीस लेने वालों पर बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी तो तय होनी चाहिए।
टीचर्स की लापरवाही!
बताया जा रहा है कि अविनाश ने दोपहर 1.20 बजे स्वीमिंग पूल से बाहर आने व कपड़े बदलने के बाद टीचर्स को बताया था कि काफी देर से उसकी बहन नजर नहीं आ रही। लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। बाद में हो-हल्ला मचा तब वे सक्रिय हुईं और करीब 2 बजे प्रियंका मृत मिली।
रिसोर्ट व स्कूल संचालक के खिलाफ बिना नाम वाली रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों से ही पूछताछ नहीं हुई। पड़ताल के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। अन्य स्थानों पर तो कैमरे हैं लेकिन हादसा हुआ वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है।
हेमेंद्र शर्मा, एसएचओ, भांकरोटा
सारी गलती रिसोर्ट प्रबंधन की है। जिधर हौद है, वहां न साइन बोर्ड था और न कोई गार्ड। आशंका है कि वह उस ओर कपड़े बदलने गई और पांव फिसलने से हौद में गिर गई।
आभा सिंह, प्रिंसीपल, रीबस स्कूल