जयपुर

‘मेरे बेटे का दोष नहीं, कोई नियम नहीं टूटे…’, बेटे की रील वायरल हुई तो डिप्टी CM बैरवा ने दी सफाई; अब उठे ये सवाल

Rajasthan Politics: डिप्टी CM डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि उनका बेटा अभी स्कूल में पढ़ता है और उसके दोस्तों के साथ था। अपने बेटे को दोषी ठहराने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
2 min read
• •
Updated: 27 Sep 2024, 3:23 PM IST
Feature image

Rajasthan News: सोशल मीडिया पर बेटे की रील वायरल होने के बाद शुक्रवार को डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सफाई दी है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान बैरवा ने कहा कि उनका बेटा अभी स्कूल में पढ़ता है, अभी तो 18 साल का भी नहीं हुआ है। वो तो उसके दोस्तों के साथ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की गाड़ी सुरक्षा के लिए थी, न कि एस्कॉर्ट कर रही थी। बैरवा ने अपने बेटे को दोषी ठहराने पर नाराजगी जताई। बता दें वीडियो वायरल होने के बाद उनके बेटे पर ट्रैफिक नियम तोड़ने और पुलिस एस्कॉर्ट का गलत इस्तेमाल करने के आरोप लगे थे।

बेटा अभी तो 18 साल का भी नहीं हुआ- बैरवा

दरअसल, बेटे की रील वायरल होने पर पत्रकारों ने डिप्टी CM प्रेमचंद बैरवा से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि मेरा बच्चा सीनियर स्कूल में पढ़ता है, अभी तो 18 साल का भी नहीं हुआ, ये सब तो उसके स्कूल के दोस्त हैं। मैं तो प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहूंगा कि मुझे उपमुख्यमंत्री बनाया…अगर उपमुख्यमंत्री बनने के बाद मेरे बेटे को भारी पैसे वाले लोग अपने साथ बैठाते हैं तो बच्चा भी अच्छी-अच्छी गाड़ियों को देख रहा है...मैं तो धन्यवाद मानूंगा कि मेरे बेटे को वहां तक लोग पूछने लगे हैं।

'मैं मेरे बच्चे को कोई दोष नहीं देता हूं'

वहीं, उपमुख्यमंत्री बैरवा से यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब दिया कि इसमें यातायात की कहां धज्जियां उड़ी...पुलिस तो मेरे बच्चे की सुरक्षा के लिए पीछे चल रही थी गाड़ी, ना कि एस्कॉर्ट कर रही थी। लोगों को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए, अगर वो कर रहे हैं तो करें, लेकिन मैं मेरे बच्चे को कोई दोष नहीं देता हूं…क्योंकि वो बच्चे स्कूल के दोस्तों के साथ थे, इसमें ऐसी कोई बात नहीं है।

बता दें, बीते गुरूवार को डिप्टी CM प्रेमचंद बैरवा और कांग्रेस नेता पुष्पेन्द्र भारद्वाज के बेटे की एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस वीडियो में एक खुली जीप में चार युवक बैठे दिखाई दे रहे हैं, जिनको राजस्थान पुलिस की एक गाड़ी एस्कॉर्ट करती हुई नजर आ रही है। इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने राजस्थान पुलिस की जमकर क्लास लगाई थी।

यूजर ने फिर लगाई क्लास

वहीं, एक यूजर पलक बिश्नोई ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कुछ समय पहले कानून पास किया था कि नाबालिग बच्चे को गाड़ी चलाने के लिए दी तो पेरेंट्स पर जुर्माना होगा, उस कानून का क्या हुआ? क्योंकि प्रेमचंद बैरवा के मुताबिक उनका बच्चा अभी 18 साल का नहीं हुआ है।

एक अन्य यूजर ने कहा कि खुलेआम यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ा रहा डिप्टी CM प्रेमचन्द बैरवा का लड़का अभी तक नाबालिग है, ये बात खुद डिप्टी CM कह रहे हैं। इस तरह सरकारी गाड़ी का दुरूपयोग कर एस्कॉर्ट करवा रहे हैं।

यहां देखें वीडियो-

Updated on:
27 Sep 2024, 3:23 PM IST
Published on: