26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Weather: 11-12 जून को राजस्थान के 15 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, मानसून एंट्री पर भी आई अपडेट

Rajasthan Today Weather: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को 15 जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Google source verification
Rajasthan Monsoon Weather Prediction

बारिश की फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan Monsoon 2026: राजस्थान में बुधवार को भी गर्मी का असर बना रहा और श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। इसके बाद चूरू में 44.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के 14 शहरों में पारा 41 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। इधर, भीषण गर्मी की मार झेल रहे राजस्थान को अब गुरुवार से राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम केन्द्र ने 15 जिलों में 11 और 12 जून को मेघगर्जन, तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

दो दिन पारा गिरेगा, 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से अंधड़ के आसार

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में गर्मी का असर धीरे-धीरे कम होगा। अगले दो दिनों में कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। 11 जून को अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ बीकानेर, श्रीगंगानगर में उष्ण लहर के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

12 जून को और बढ़ेगा असर शुक्रवार को मौसम गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, नागौर, फलौदी, श्रीगंगानगर में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन शहरों में पारा अधिक रहा

शहरतापमान डिग्री सेल्सियस में
फलौदी43.8
जैसलमेर43
बीकानेर42.4
बाड़मेर42.3
अलवर42
जयपुर42

मानसून के तीव्र होने की उम्मीद

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है और आगामी कुछ दिनों में राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत उत्तरी राज्यों तक पहुंचेगा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा मजबूत पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहे मानसून के लिए अनुकूल है। इस इंटरेक्शन से उत्तर भारत में मानसून की प्रगति तेज हो सकती है। इधर प्री-मानसून के चलते पूर्वी भारत, केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

आंधी में शेड गिरने से युवक की मौत, पुत्र घायल

हनुमानगढ़ के भादरा क्षेत्र के अमरपुरा टोल के पास तेज आंधी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में शेड गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र घायल हो गया। भिरानी पुलिस ने मर्ग दर्ज कर बुधवार को राजकीय उपजिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार बिहार के भागलपुर जिले के कुतुबपुर पहाड़िया टोला निवासी मंटु पहाड़िया ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा विनोद पुत्र सुंदर पहाड़िया अपने पुत्र बिट्टू कुमार के साथ 9 जून को हिसार से दवाई लेकर लौट रहा था। शाम को दोनों अमरपुरा टोल के पास उतरे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया। बचाव के लिए दोनों पास स्थित निर्माण सामग्री की दुकान के शेड के नीचे बैठ गए।

तेज हवाओं के दबाव से शेड भरभराकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। घायल बिट्टू का उपचार किया गया। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।